मंगलवार को पंढरीनाथ पथ पर भी नगर निगम की टीम ने खतरनाक मकान तोडऩे की कार्रवाई की। सुबह कार्यपालन यंत्री ओपी गोयल, बीआई राजेश चौहान के नेतृत्व में रिमूवल टीम ने गर्ग परिवार का मकान तोडऩे की कार्रवाई शुरू की तो हंगामा हो गया। गोयल के मुताबिक, मकान अतिखतरनाक भवनों की सूची में है। मकान में गर्ग परिवार के तीन भाइयों नरेंद्र, धर्मेंद्र व कुशल के परिवार के अलावा 2-3 किराएदार भी हैं। पहले मोहलत मांगी गई और फिर हंगामा कर दिया। महिलाओं ने अफसरों को घेरकर जमकर खरी-खोटी सुनाई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर अफसरों को हटाया। पीडि़त पक्ष के प्रदीप का आरोप था, पहले किराएदार ने 50 हजार की रिश्वत दी तो मकान नहीं तोड़ा था। जो कमी बताई थी उसे हमने रिपेयर भी करवा लिया था, लेकिन अब अचानक तोड़ दिया। परिवार के लोग निगम टीम के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने पंढरीनाथ थाने भी गए, लेकिन उनकी नहीं सुनी गई। इधर, गोयल का कहना था कि परिवार मोहलत चाहता था। मोहलत नहीं मिलने पर झूठे आरोप लगाने लगे। रिश्वत लेने की बात गलत है।