
mobile shop theft youth arrested for girlfriend gift, प्रतीकात्मक तस्वीर (source-patrika file)
Indore Mobile Shop Theft Case:मध्यप्रदेश के इंदौर में एक युवक अपनी प्रेमिका के चक्कर में जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गया। गर्लफ्रेंड को मोबाइल गिफ्ट करने के लिए युवक ने एक मोबाइल के शोरूम में चोरी कर ली और चार मोबाइल चुरा लिए, लेकिन पुलिस ने महज डेढ़ घंटे में ही वारदात का खुलासा करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी हुए चार कीमती मोबाइल के साथ ही ताले तोड़ने में इस्तेमाल किया गया औजार भी बरामद किया है।
इंदौर शहर के स्नेह नगर मुख्य मार्ग पर स्थित एक मोबाइल शोरूम में सुबह करीब 5 बजे चोरी की वारदात हुई थी। शोरूम संचालक अशोक भाटिया निवासी खातीवाला टैंक, इंदौर ने पुलिस में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो पाया कि आरोपी ने दुकान की शटर का ताला तोड़कर 4 महंगे मोबाइल चोरी किए हैं। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और सीसीटीवी फुटेज देखे तो चोर का सुराग लग गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो चोर नजर आया, इसके बाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सीसीटीवी में दिख रहा युवक बैग में चार मोबाइल लेकर घूम रहा है। पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे के अंदर ही चोर को पकड़ लिया। पकड़े युवक ने अपना नाम पवन पटेल निवासी खंडवा बताया है, उसके बैग से चोरी किए गए चारों महंगे मोबाइल और ताला तोड़ने में इस्तेमाल औजार जब्त किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पवन पटेल ने पुलिस को बताया है कि उसे अपनी गर्लफ्रेंड को मोबाइल गिफ्ट करना था। उसके पास मोबाइल खरीदने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए उसने मोबाइल शोरूम में चोरी करने की प्लानिंग की। पुलिस को शक है कि युवक और भी चोरी की वारदातों में शामिल हो सकता है, इसलिए उससे पूछताछ की जा रही है। जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि मोबाइल शोरूम में हुई चोरी की वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कम समय में गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से चुराए गए मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं।
Updated on:
24 Jun 2026 09:45 pm
Published on:
24 Jun 2026 09:45 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
