
नए वर्क कल्चर से आइटी प्रतिभाओं व प्रोफेशनल्स को अब अपने शहर में ही मिल रहा काम
इंदौर. new trend in IT Company
देश का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर अब आइटी सिटी बनने की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। सुपर कॉरिडोर पर टीसीएस, इंफोसिस की रौनक के बाद अब दुनिया की जानी-मानी एक दर्जन से ज्यादा मल्टी नेशनल आइटी कंपनियों ने इंदौर से काम शुरू कर दिया है। आइटी सेक्टर में वर्क फ्राॅम होम के बाद नया वर्क कल्चर वर्क फ्राॅम योर सिटी ट्रेंड में है। इंदौर इस कल्चर के लिए परफेक्ट होने के कारण कंपनियों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
कोरोना के बाद आइटी के क्षेत्र में इंदौर तेजी से आगे बढ़ा है। दुनिया की नामी कंपनियां यहां के टैलेंट को ज्यादा अवसर देना चाह रही हैं, इसलिए कंपनियों ने वर्क फ्राॅम योर सिटी काॅन्सेप्ट के साथ इंदौर व आसपास के आइटी प्रोफेशनल्स के साथ काम शुरू कर दिया है। आइटी कंपनी नगारो, एक्सेंचर और इंफोबीन्स इसी कल्चर पर काम कर रही हैं। कंपनियों ने टीयर टू सिटी में स्थायी ऑफिस शुरू कर दिए हैं। स्वच्छता में नंबर वन की पहचान और आइटी टैलेंट हब होने से कंपनियों की इंदौर में खासी रूचि है।
-----------
ऐसा है वर्क फ्राॅम योर सिटी कल्चर
कंपनियां खुद आइटी टैलेंट वाले शहरों में जाकर वहां व आसपास के छोटे शहरों के युवाओं को वर्क फ्राॅम होम के साथ अवसर दे रही हैं। कुछ कंपनियां बेंगलूरु, पुणे, हैदराबाद से काम करवा रही हैं तो कुछ ने इंदौर में कार्यालय खोले हैं। जहां से समन्वय किया जाता है। इसमें प्रोफेशनल्स को प्रोजेक्ट्स आदि पर चर्चा के लिए हफ्ते या महीने में एक बार ही कार्यालय आना होता है। स्थानीय कार्यालय होने से यह काम और आसान हो रहा है। युवाओं को अपना शहर भी नहीं छोड़ना पड़ता है।
------------
अपने शहर में ही मिल रहा काम
कोरोना में वर्क फ्राॅम होम को लेकर आइटी कंपनियों का अनुभव अच्छा रहा। इसकी व्यावहारिक दिक्कतों को दूर कर कंपनियों ने अब वर्क फ्राॅम योर सिटी वर्क कल्चर शुरू किया है। कंपनियां युवाओं को महानगरों में न बुलाते हुए उनकी सिटी से ही काम करने के अवसर दे रही हैं। हमने भी बड़ौदा में इसी पैटर्न पर काम शुरू किया है। छोटा ऑफिस लेकर बड़ौदा व आसपास की शहरों के आइटी प्रोफेशनल्स के साथ काम कर रहे हैं।
सिध्दार्थ सेठी, एमडी, इंफोबीन्स
-----------
एक साल में 12 से ज्यादा कंपनियां
एक साल में इंदौर में 12 से ज्यादा मल्टी नेशनल कंपनियों ने काम शुरू किया है। इंदौर में प्रमुख रूप से टीसीएस, इंफोसिस, एक्सेंचर, टेक महिंद्रा, परसिसटेंट, टास्कअस, डब्ल्यूएम लॉजिस्टिक, विप्रो, ग्लोबंट, डीएक्ससी, राउटेन व अन्य हैं। सिंहासा आइटी पार्क के लिए कंपनियों के आवेदन मिल रहे हैं।
द्वारकेश सराफ, एमपीएसईडीसी
-----------
अपने इंदौर का चयन इसलिए
- स्वच्छता के कारण दुनिया में पहचान।
- आइटी टैलेंट के लिए दुनिया में नाम और महानगरों से अच्छी कनेक्टिविटी।
- देश के आईटी महानगर बेंगलुरू, पुणे, हैदराबाद, नोयडा-दिल्ली से कम खर्च में बेहतर जीवन-यापन।
------------
इंदौर में आईटी का काम
- 250 आइटी कंपनियां वर्तमान में
- 1761 करोड़ का निर्यात इंदौर में एसईजेड इकाईयों से
- 873 करोड़ का निर्यात गैर एसईजेड इकाईयों से
- 800 करोड़ का निवेश एक साल में आइटी-आइटीएस कंपनियों ने किया
Published on:
15 Jul 2022 01:40 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
