
ये तो हद है.... दूषित पानी पिलाकर नगर निगम फैला रहा है हैजा
इंदौर. नगर निगम के अफसरों की लापरवाही चरम पर है। आप शहरवासी निगम द्वारा सप्लाई किया जा रहा दूषित पानी पी रहे हैं। इस पानी से हैजा जैसी बैक्टीरियल इंफेक्शन वाली बीमारियां फैल रही हैं। बैक्टीरियल इंफेक्शन के मरीज बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग ने अपने स्तर पर प्रभावित क्षेत्रों में पानी के सैंपल की जांच कराई तो यह बड़ा खुलासा हुआ। स्वास्थ्य विभाग ने निगम अफसरों को जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुए उचित कदम उठाने को कहा है। निगम के अफसरों ने भी जांच रिपोर्ट मिलने की पुष्टि की है।
नंदा नगर जोन के सुभाष नगर, परदेशीपुरा, वार्ड 23, 24 में लगातार फैल रही बीमारियों के कारण इन क्षेत्रों से स्वास्थ्य विभाग ने पानी के सैंपल लिए थे। इन इलाकों में डायरिया और अन्य बैक्टीरियल इंफेक्शन के मरीज लगातार सामने आ रहे थे। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने परदेशीपुरा रोड नंबर 06, कुलकर्णी का भट्टा, शंकर कुमार का बगीचा, सर्वहारा नगर, आदर्श बिजासन नगर से पानी के सैंपल की जांच पीसी सेठी अस्पताल की लैब में कराई।
---------
स्वास्थ्य विभाग ने माना-पीने योग्य नहीं है पानी
जांच रिपोर्ट में बताया गया कि इन इलाकों में सप्लाई हो रहे पानी में बैक्टीरिया है। पानी पीने योग्य नहीं है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीएस सैत्या ने नगर निगम और नर्मदा परियोजना के अधिकारियों को दूषित पानी को लेकर सचेत किया है। निगम से इन कॉलोनियों में पानी की जांच के साथ क्लोरीनीकरण करने के साथ अधिकारियों को क्षेत्र में भेजकर उचित कार्रवाई करने को कहा है।
---------
ऐसे पानी से हैजा, हैपेटाइटिस बी का खतरा
जांच रिपोर्ट के अनुसार, इस दूषित पानी से हैजा, उल्टी-दस्त आदि बीमारियों का खतरा है। पीने के पानी में गंदा पानी मिलने से यह बैक्टीरिया मिलने की आशंका है। यह भी डर है कि इस दूषित पानी में हैपेटाइटिस बी के भी वायरस हो सकते हैं।
डॉ. अशोक ठाकुर, असिस्टेंट प्रोफेसर, एमजीएम मेडिकल कॉलेज (मेडिसिन विभाग)
--------
पानी दूषित है, निगम को पत्र लिखा
सुभाष नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की अनियमित वृद्धि हुई थी। सभी लगभग एक ही तरह के संक्रमण से ग्रसित थे। क्षेत्र में पानी के सैंपल लिए तो रिपोर्ट में बैक्टीरियल ग्रोथ मिली है। ऐसा दूषित पानी पीने से डायरिया एवं अन्य बीमारियां हो सकती हैं। निगम को पत्र लिखकर जानकारी दी गई है।
डॉ. बीएस सैत्या, सीएमएचओ
जांच रिपोर्ट मिली है
रिपोर्ट के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई है। विभागीय अफसरों से पूछताछ की है। यह चेक किया जा रहा है कि लीकेज कहां है। जल्द ही समाधान होगा।काम शुरू कर दिया है।
अभिषेक शर्मा, प्रभारी, जलकार्य समिति
Published on:
31 Jul 2023 09:25 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
