
NEET Exam 2025: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने राष्ट्रीय योग्यता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को लेकर नया आदेश जारी किया है। सरकारी कॉलेज और स्कूलों को ही अब सेंटर (NEET Exam Centre in MP) बनाया जाएगा। 4 मई को परीक्षा होनी है, इसमें इंदौर के 25 हजार से अधिक विद्यार्थी भाग लेंगे। इसके लिए जिला स्तर पर कमेटी बनी है। इसके संयोजक कलेक्टर हैं। उनकी निगरानी में परीक्षा होगी। विश्वविद्यालय, सरकारी कॉलेज व स्कूलों की सूची बनाई जा रही है, ताकि बैठक संख्या का आकलन कर तैयारी हो सके। मेडिकल कॉलेजों में यूजी स्नातक भर्ती के लिए नीट की परीक्षा होती है।
पिछले साल तक सीबीएसई स्कूलों में कराई जाती थी, लेकिन बिहार-झारखंड और हरियाणा में पेपर लीक होने की घटना से परीक्षा पर सवाल खड़े हो गए थे। इसे देखते हुए एनटीए ने यह फैसला लिया कि अब केवल सरकारी संस्थान में ही परीक्षा होगी। एजेंसी महानिदेशक प्रदीप सिंह खरौला ने सभी प्रदेशों के मुख्य सचिव को पत्र जारी कर सुरक्षित परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी राज्य व जिला स्तरीय समिति को सौंपी है।
कलेक्टर आशीष सिंह समिति संयोजक हैं। समन्वयक जिपं सीईओ सिद्धार्थ जैन, सदस्य के रूप में पुलिस कमिश्नर, जिला शिक्षा अधिकारी और केंद्रीय विद्यालय के प्रिंसिपल भी कमेटी में हैं। जल्द ही सरकारी शिक्षण संस्थाओं की बैठक ली जाएगी ताकि बैठक क्षमता का अंदाजा लगाया जा सके। इस आदेश के बाद नीट परीक्षा (NEET Exam) के केंद्र के लिए चुने जाने वाले राजधानी भोपाल समेत अन्य जिलों में भी ऐसी ही व्यवस्था लागू होगी।
ये भी पढ़ें: एसएनसीयू में शॉर्ट सर्किट से आग, टल गया बड़ा हादसा
Updated on:
28 Mar 2025, 9:18 AM IST
Published on:
28 Mar 2025, 9:18 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.