
सीयूईटी : एनटीए ने बिगाड़ा डीएवीवी का काउंसलिंग शेड्यूल
इंदौर. सीयूईटी को लेकर असमंजस सितंबर अंत तक दूर नहीं हुआ है। बुधवार तक एनटीए से डाटा नहीं मिलने से प्रस्तावित काउंसलिंग शेड्यूल पूरी तरह गड़बड़ा गया है। 7 अक्टूबर से होने वाली काउंसलिंग अब दशहरे बाद ही होने की उम्मीद है। हालांकि, तीन से चार दिन और देरी होती है तो काउंसलिंग दीपावली के बाद ही होगी। देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के आइएमएस, आइआइपीएस, स्कूल ऑफ लॉ, ईएमआरसी सहित अन्य विभागों के प्रमुख कोर्स में दाखिले इस बार राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा सीयूईटी से कराने का फैसला भारी पड़ गया है। कॉलेजों के साथ यूनिवर्सिटी के भी गैर-सीयूईटी कोर्स में दाखिले निपटने के बाद पढ़ाई शुरू हो गई है। लेकिन, वे कोर्स जिनमें सीयूईटी से एडमिशन दिए जाएंगे, उन पर असमंजस बना हुआ है। दरअसल, सीयूईटी कराने वाली एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) ने 16 सितंबर को यूजी के परिणाम जारी किए थे। माना जा रहा था कि एक-दो दिन में इनका डाटा यूनिवर्सिटी को मिलेगा और 25 सितंबर से रजिस्ट्रेशन और 7 से 9 अक्टूबर तक काउंसलिंग करा ली जाएगी। मगर, 13 दिन बाद भी यूनिवर्सिटी के अधिकारी डाटा के इंतजार में हैं। एनटीए से डाटा मांगने पर हर बार नई तारीख मिल रही है। अब एनटीए ने शनिवार तक यूजी का डाटा जारी करने का दावा किया है।
...तो दीपावली बाद ही दाखिले
इस देरी से सीयूईटी देने वाले विद्यार्थियों के साथ विभागाध्यक्ष भी परेशान हैं। सीयूईटी देने वाले ज्यादातर विद्यार्थी अन्य संस्थानों में दाखिला ले चुके हैं। इससे डीएवीवी में सीटें खाली रहने की आशंका है। दूसरी ओर, अगर शनिवार को डाटा मिलता है तो काउंसलिंग 12-13 अक्टूबर से शुरू होने की उम्मीद है। इससे लेट होने पर सिर्फ यूजी की काउंसलिंग ही दीपावली तक टल सकती है।
7 अक्टूबर से प्रस्तावित काउंसलिंग मुश्किल
सीयूईटी (यूजी) का रिजल्ट जारी होने के बाद से ही हम डाटा हासिल करने के लिए एनटीए के संपर्क में हैं। 25 सितंबर से रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाने से 7 अक्टूबर से प्रस्तावित काउंसलिंग मुश्किल है। अभी एनटीए ने शनिवार तक डाटा उपलब्ध कराने की हामी भरी है।
- प्रो. कन्हैया आहूजा, सीयूईटी समन्वयक, डीएवीवी
Published on:
29 Sept 2022 01:07 am
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
