23 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाजयुमो नगर अध्यक्ष पर लटकी तलवार… नाराज हैं पार्टी नेता

प्रशिक्षण वर्ग में नहीं पहुंचने से नाराज हुए संगठन के नेता, विरोधियों ने भी खोला मोर्चा, लगातार आयोजनों में नहीं जाने से खड़े हुए सवाल

2 min read
Google source verification
भाजयुमो नगर अध्यक्ष पर लटकी तलवार... नाराज हैं पार्टी नेता

भाजयुमो नगर अध्यक्ष पर लटकी तलवार... नाराज हैं पार्टी नेता

इंदौर। कमजोर प्रदर्शन के चलते भाजयुमो नगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा पर तलवार लटक रही है। लगातार प्रदेश के आयोजनों में शामिल नहीं होना भी उन्हें भारी पड़ सकता है। सिवनी के प्रशिक्षण वर्ग में नहीं पहुंचने पर संगठन महामंत्री ने गंभीरता से पूछताछ की। इधर, भनक लगते ही विरोधी भी सक्रिय हो गए हैं।

भाजपा में प्रशिक्षण वर्ग का खासा महत्व है, क्योंकि पार्टी समय-समय पर अपने कार्यकर्ताओं को अपडेट करती है ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को ठीक से संचालित किया जा सके। उसमें भी चुनिंदा पदाधिकारी ही अपेक्षित रहते हैं। हाल ही में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष वैभव ठाकुर ने सिवनी में दो दिनी वर्ग रखा था, जिसमें 57 में से 56 जिलों के अध्यक्ष पहुंचे थे।

नहीं पहुंचने वालों में इंदौर नगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा थे। यहां से जाने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष गंगा पांडे, मंत्री शुभेंद्र गौड़, नगर महामंत्री धीरज ठाकुर और रोहित चौधरी थे। हालांकि चौधरी धार के प्रभारी हैं, लेकिन किसी भी प्रभारी को अपेक्षित नहीं किया गया था। उसके बावजूद वे ठाकुर के साथ पहुंच गए। मजेदार बात ये है कि दोनों ही नेता नगर अध्यक्ष पद के दावेदार थे।

वर्ग में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी रोहित चहल प्रमुख रूप से पहुंचे। उपस्थिति की जानकारी सभी ने ली, जिसमें मिश्रा के नहीं पहुंचने पर शत-प्रतिशत उपस्थिति नहीं हो सकी। इसको लेकर संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने अपने सत्र में बोल भी दिया।

कहना था कि इंदौर के नगर अध्यक्ष कहां हैं? वे क्यों नहीं आए? उन्हें ये भी याद था कि पूर्व के भी दो आयोजन में वे नहीं पहुंचे थे। इसको लेकर शर्मा ने नाराजगी भी जाहिर की। उनका सख्त रुख देख लग रहा है कि मिश्रा पर तलवार लटक गई है। पार्टी का मानना है कि युवा मोर्चा संगठन की रीढ़ होता है और वही कमजोर होगी तो दिक्कत हो जाएगी। वह भी विधानसभा चुनाव के पहले जबकि मोर्चा को जोश में होना चाहिए।

विरोध में है बड़ी लॉबी
गौरतलब है कि मिश्रा के विरोध में भाजयुमो की एक बड़ी लॉबी खड़ी हो गई है। नगर उपाध्यक्ष व मोर्चा प्रभारी एकलव्य सिंह गौड़ की उनसे पटरी बिलकुल नहीं बैठती। हराभरा मध्यप्रदेश के आयोजन को मिश्रा सफल बता रहे थे तो गौड़ ने उसका ऑपरेशन कर आईना दिखा दिया था। उस हिसाब से इंदौर में अभियान सुपर फ्लॉप हो गया। उसके अलावा अध्यक्ष बनने के बाद मिश्रा में आए बड़े बदलाव की वजह से उनके सभी साथी विरोधी हो गए।

पसंद नहीं करते पंवार
प्रदेश अध्यक्ष पंवार भी सौगात मिश्रा को पहले ही पसंद नहीं करते हैं। मौका मिलते ही वे मिश्रा का तख्ता पलट करने में देरी भी नहीं करेंगे। बताया जा रहा है कि प्रशिक्षण वर्ग के दौरान पंवार की धीरज ठाकुर, रोहित चौधरी और जिला अध्यक्ष मनोज ठाकुर की बंद कमरे में चर्चा भी हुई।