
इंदौर। बारिश के दिनों में मध्यप्रदेश में अनेक एडवेंचर स्पॉट हैं, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक जाते हैं। ऐसा ही एक स्थान है गिधिया खोह वाटर फाल, जो मानसून में पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है।
बारिश आते ही शहरवासियों के चेहरे खिल गए हैं। ठंडी ताजी हवा और मौसम में नमी सभी का दिल खुश कर रही है। इसी मौसम का लुत्फ उठाने के लिए शहरवासी अपनी गाड़ियां उठाकर राइड पर निकल गए हैं। शहर के आसपास को लोकप्रिय जगह के साथ नई जगहों की खोज भी जारी है।
देखे धवलगिरी के नजारे
राइड्स ऑफ राइडर्स ने भी इस सप्ताह मानसून राइड आयोजित की। ज्ञानदीप श्रीवास्तव ने बताया हमारे 45 राइडर सम्मलित हुए। हम राउ से सुबह 6 बजे निकल कर पहले गए धवलगिरी। उसके बाद अंबाझर महादेव और फिर कच्चे रास्ते से होते हुए अहिंसा पर्वत पहुंचे। यह तीनों जगह इंदौर से बेहद करीब हैं। केवल 30-35 किमी की दूरी पर स्थित हैं। यहां कार और मोटरसाइकिल द्वारा आराम से जा सकते हैं।
आउटिंग का मजा ही कुछ और है
इंदौर राइडर्स क्लब के साथ राइड पर गई यति शर्मा ने बताया कि हम पूरे परिवार के साथ राइड पर गए। शहर के बाहर जाकर एन्जॉय करने से सभी का दिल खुश हो गया।
45 किमी दूर है यह जगह शहर से
इंदौर राइडर्स क्लब के 25 राइडर और 2 महिला राइडर ने इंदौर से गिधिया खोह तक की राइड की। सभी ने भैरव कुंड पर कुछ समय बिताया। इसके बाद यहां से गिधिया खोह गए। गिधिया खोह जाने के लिए इंदौर से देवगुराड़िया से डबल चौकी होते हुए जा सकते हैं। यहां पर एक छोटा सा गांव है, वहीं पर बाइक खड़ी करके गिधिया खोह तक जा सकते हैं। यहां लगभग एक किलोमीटर पैदल चलना होता है उसके बाद आप गिधिया खोह झरना का नजारा देख सकते हैं।
अगर आप वाटरफॉल के नीचे तक जाना चाहते हैं तो गांव से किसी गाइड को लेकर जाएं क्योंकि नीचे जाने का रास्ता थोड़ा कठिन है और वहां पहुंचने में एक घंटे का समय लगता है। को फाउंडर योगेश गुप्ता और जसविंदर सिंह ने बताया की ये वाटरफॉल इंदौर का सबसे ऊंचा वाटरफॉल है और बारिश में यहां पर्यटकों की भरमार रहती है।जो राइड के साथ ट्रैक करना चाहते हैं उनके लिए यह बेहद खूबसूरत जगह है।
Updated on:
21 Jul 2022 05:46 pm
Published on:
21 Jul 2022 05:44 pm
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
