
Indore Urmila Saini Murder Case: रेलवे ट्रैक पर मिली आरोपी की डेडबॉडी (Photo Source - Patrika)
Indore crime news: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में बीते दिनों हुई डाक विभाग की पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी मिली है कि उर्मिला सैनी की हत्या के बाद से लगातार फरार चल रहे आरोपी पति अखिलेश सैनी का खौफनाक अंत हो गया है। बताया जा रहा है कि संयोगितागंज थाना पुलिस जिसे आठ दिनों से नहीं ढूंढ पाई, उसकी डेडबॉडी गंजबासौदा में रेलवे ट्रैक पर मिली है। कानून की गिरफ्त से भाग रहे इस क्रूर हत्यारे का अंत सीधे मौत के ट्रैक पर जाकर हुआ। जिस आरोपी को सलाखों के पीछे होना था, अंत में उसकी सिर्फ डेडबॉडी ही सामने आई है।
इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि शव के पास मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान अखिलेश सैनी के रूप में हुई है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि परिजनों से पहचान के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। पता चला कि ट्रैक पर मिली डेडबॉडी का सिर धड़ से अलग था। पैंट की जेब से अखिलेश के दस्तावेज मिले हैं। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। इंदौर और भोपाल से पुलिस तथा परिजन भी गंजबासौदा के लिए रवाना हो गए हैं।
बीते दिनों ही पति अखिलेश सैनी की तलाश में पुलिस टीमों को उसकी लोकेशन का पता चल गया था। इस आधार पर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी हो सकती थी लेकिन उससे पहले ही ट्रैक पर शव मिला है। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था बाद में इसे 20 हजार कर दिया गया था।
जांच में सामने आया था कि फरार होने से पहले आरोपी ने बच्चों की गुल्लक तोड़कर उसमें से 8 से 10 हजार रुपए निकाल लिए थे। पुलिस का मानना है कि शुरुआती खर्च के लिए उसने नकदी रखी। इसके बाद वह बिना मोबाइल और पहचान के साधनों के शहर से निकलने या शहर में ही छिपने की कोशिश कर रहा था।
इंदौर की डाक कुंज कॉलोनी में पति अखिलेश ने पोस्टल असिस्टेंट पत्नी उर्मिला सैनी की हत्या कर दी थी। सुबह बच्चों के स्कूल जाने के बाद सनकी पति ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। चाकू से महिला के शरीर पर गंभीर वार किए गए हैं। घबराई बेटी ने नाना, मौसा को फोन पर जानकारी दी। परिवार मौके पर पहुंचा तब पता चला कि पति फरार है। पूरे समय परिवार विलाप करता रहा। परिवार के सदस्यों ने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आरोपी पति अखिलेश ने सारे प्लान पहले से बना रखे थे। पत्नी को मारने के बाद वह रेलवे स्टेशन और सरवटे बस स्टैंड के पास सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया, लेकिन उसके बाद वह जानबूझकर ऐसे रास्तों से निकला, जहां कैमरे नहीं लगे थे। आरोपी अपने साथ एक डेबिट कार्ड लेकर भागा था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।
Updated on:
19 Jul 2026 01:23 pm
Published on:
19 Jul 2026 01:23 pm
