
गरबा खेलते-खेलते जीता विश्वास और महिला से ले उड़ा डेढ़ किलो सोना
इंदौर. गरबा आयोजन में महिला से पहचान बढ़ाकर पूजा पाठ के नाम पर डेढ़ किग्रा. सोना, 1 किग्रा चांदी के जेवर और 80 हजार नकदी लेकर गायब हुए ठग के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
टीआइ संतोष दूधी के मुताबिक संदीप गुप्ता निवासी धार कोठी की शिकायत पर आरोपी राहुल पिता सुरेशचंद संघवी निवासी वीणा नगर के खिलाफ केस दर्ज किया। संदीप ने शिकायत की कि उसकी पत्नी रूपा (45) का आरोपी से 2019 में अभिव्यक्ति गरबे में परिचय हुआ। नवंबर 2019 में आरोपी ने पत्नी को फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। दोनों में सोशल मीडिया पर बातचीत होने लगी। अप्रैल 2020 में कोरोना से लॉकडाउन लग गया, तो आरोपी ने रूपा से कहा, पंडित ने पूजा-पाठ और गृह शांति के लिए गहनों की जरूरत बताई है। कुछ समय के लिए गहने मांगे। 25 नवंबर को पत्नी ने राहुल को बॉम्बे हॉस्पिटल के समीप स्थित उसके घर के पास डेढ़ किग्रा. सोने, 1 किग्रा. चांदी के जेवर और 80 हजार नकदी दिए। आरोपी ने रूपा से कहा कि परिवार की समस्या दूर होने के बाद गहने लौटा देगा। वाट्सऐप पर गहने के लेनदेन के फोटो भी शेयर किए। आरोपी ने सिक्योरिटी के तौर पर रूपा को 40 लाख का चेक दिया। बाद में पता चला खाता बंद है। मार्च 2021 में फिर लॉकडाउन लग गया। गहने मांगने पर आरोपी बोला, मई 2021 में बिजनेस पार्टनर नितिन पटेल उर्फ हर्षित भैया के पास गहने रखे हैं। भैया 4.5 करोड़ के डूंगरपुर हवाला कांड में पकड़ाए है। वर्तमान में भैया अहमदाबाद जेल में है। जमानत के प्रयास जारी हैं। उन्होंने जेवर लॉकर में रखे हैं। यह कहानी गढऩे के बाद आरोपी ने रूपा को हूबहू गहने बनाने की बात कही। संदीप ने बताया, इस घटनाक्रम का पता उन्हें 2 नवंबर 2021 की धनतेरस पर चला। पूजा के लिए गहने नहीं दे पाने पर पत्नी रूपा ने आरोपी द्वारा धोखाधड़ी का खुलासा किया। इसके बाद भी आरोपी रूपा को प्रलोभन देता रहा। कभी एटीएम कार्ड देकर गुमराह किया, तो कही गहने बनाने की बात कहकर। उसका एटीएम कार्ड भी बंद मिला। आरोपी कहने लगा कि उसकी हर्षित भैया के पापा से बात हुई है। भैया ने इंदौर में किसी सिंधी ज्वेलर के यहां जेवर 40 लाख रुपए में गिरवी रखे हैं। तीन माह के लिए गहने गिरवी रखे थे। उक्त जेवर को ज्वेलर ने गला दिए हैं। टीआइ ने बताया कि फरियादी का कहना है, उनकी पत्नी रूपा के भोलेपन का फायदा उठाकर आरोपी ने धोखाधड़ी की है। अब तक आरोपी ने वकील, पंडित का नाम, भैया इंदौर में कहां रहता है, उसने जेवरात कहां गिरवी रखे हैं, की कोई जानकारी नहीं दी है। फरियादी को संदेह है कि आरोपी किसी गैंग से जुड़ा है, जो इस तरह लोगों से धोखाधड़ी कर गायब हो जाता है।
Published on:
15 Mar 2022 02:11 am
बड़ी खबरें
View Allइंदौर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
