10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Indore News : साहब…आप राष्ट्रीय अध्यक्ष थे और अब कहां बन गए शहर के प्रभारी अध्यक्ष

कांग्रेस विधायक विशाल पटेल ने जिले के प्रभारी महेंद्र जोशी की ली चुटकी, शहर अध्यक्ष का फैसला जल्द से जल्द कराने की रखी बात

3 min read
Google source verification
Indore News : साहब...आप राष्ट्रीय अध्यक्ष थे और अब कहां बन गए शहर के प्रभारी अध्यक्ष

Indore News : साहब...आप राष्ट्रीय अध्यक्ष थे और अब कहां बन गए शहर के प्रभारी अध्यक्ष

इंदौर. राहुल गांधी की संसद सदस्यता को रद्द कर दिया गया है। इसको लेकर कांग्रेस सडक़ पर आ गई है। इंदौर शहर में भी 27 मार्च को बड़ा आंदोलन होगा। इसकी रणनीति बनाने के लिए कल पार्टी कार्यालय गांधी भवन में इंदौर शहर और ग्रामीण के समस्त कांग्रेसियों की बैठक हुई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष न होने पर प्रभारी अध्यक्ष के नाते संगठन की कमान संभालने वाले जिले के प्रभारी महेंद्र जोशी ने यह बैठक बुलाई थी। इसमें पहुंचे विधायक विशाल पटेल ने उनकी चुटकी लेते हुए कहा कि साहब...आप कहां राष्ट्रीय अध्यक्ष थे और अब शहर के प्रभारी अध्यक्ष बन गए। इसके साथ ही उन्होंने इंदौर शहर अध्यक्ष का फैसला जल्द से जल्द कराने की बात रखी।

शहर अध्यक्ष की कुर्सी पिछले दो महिने से खाली पड़ी है। इस पर कौन बैठेगा? इसका फैसला न तो भोपाल से हो रहा और न ही दिल्ली से कोई बात बन रही है। ऐसे में कुर्सी के दावेदार पार्टी के बड़े नेताओं के आगे-पीछे अलग घूम रहे हैं। शहर कांग्रेस अध्यक्ष के न होने पर संगठन की गतिविधियों का संचालन सही ढंग से हो। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने प्रभारी अध्यक्ष के नाते शहर कांग्रेस की जिम्मेदारी जिले के प्रभारी जोशी को दी है, जिन्होंने कल गांधी भवन में इंदौर शहर और ग्रामीण नेताओं की बैठक बुलाई। राहुल गांधी की संसद सदस्यता को रद्द करने के विरोध में कल यानी 27 मार्च को रीगल तिराहा स्थित ङ्क्षसगापुर मार्केट पर सुबह 10.30 से दोपहर 1 बजे तक होने वाले धरना-प्रदर्शन की रणनीति बनाने को लेकर बैठक रखी गई थी।

इसके बाद विधायक पटेल ने जिले के प्रभारी जोशी से अलग से चर्चा की। इस दौरान विधायक पटेल ने उनसे कहा कि संगठन में ऊपर बात करके जल्द से जल्द इंदौर शहर अध्यक्ष की नियुक्ति कराएं, क्योंकि अध्यक्ष के न होने से स्थितियां बिगड़ रही हैं। संगठन की गतिविधियां भी सही ढंग से संचालित नहीं हो रही हैं। इसके साथ ही विधायक पटेल ने जोशी की चुटकी लेते हुए कह दिया कि साहब...आप कहां सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे और अब आप कहां इंदौर शहर के प्रभारी अध्यक्ष बन गए हैं। आप कुशल संगठक हैं। इसलिए अध्यक्ष की कुर्सी का विवाद खत्म करवाएं। जिसे भी अध्यक्ष बनना है, उसे बना दें। अब कोई किसी का विरोध नहीं करेगा। इस पर प्रभारी जोशी ने कहा कि मैं ऊपर लेवल पर बात कर जल्द ही अध्यक्ष का फैसला करवाऊंगा। गौरतलब है कि शहर अध्यक्ष की कुर्सी के लिए गोलू अग्निहोत्री और अरविंद बागड़ी में घमासान चल रहा है। इसके चलते अब कांग्रेसी इन दोनों को छोड़ किसी तीसरे को अध्यक्ष बनाने की बात कह रहे हैं, क्योंकि दोनों के बीच कुर्सी का विवाद लंबा खिंच गया है।

नेत्रियों ने मंच पर किया कब्जा

कांग्रेसियों के अनुसार बैठक के दौरान जिले के प्रभारी जोशी ने किसी एक महिला नेत्री को भाषण देने के लिए बुलाने का संचालन कर रहे देवेंद्र सिंह यादव से कहा। इस पर उन्होंने एक महिला नेत्री को बोलने का जैसे ही कहा वैसे ही विवाद की स्थिति बन गई। मंच पर कब्जा जमाकर बैठी हर नेत्री बोलने के लिए खड़ी हो गई। इस पर जोशी ने सभी को रोका और सिर्फ एक ही महिला को बोलने की अनुमति दी। इस पर मनीषा शिरोढक़र ने बैठक में अपनी बात रखी। मंच पर बैठी महिलाओं में किरण जिरेती, अर्चना राठौर, शकुंतला बड़े, भारती टांक आदि मौजूद थीं।

500 लोगों को लाने का किया दावा

बैठक के दौरान प्रभारी अध्यक्ष जोशी ने सभी नेताओं को ज्यादा से ज्यादा भीड़ लाने का कहा, तो कई नेताओं ने अपनी संख्या लिखाना शुरू कर दिया और हर नेता का आंकड़ा 500 तक पहुंच गया। अब देखना यह है कि कल धरना-प्रदर्शन में संख्या के हिसाब से कांग्रेसी जुटते या नहीं, क्योंकि बैठक में नेता भीड़ लाने के बड़े-बड़े दावे तो कर लेते पर ला नहीं पाते हैं। बैठक में विधायक संजय शुक्ला, मोर्चा संगठन की प्रदेश प्रभारी शोभा ओझा, जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव, कांग्रेस नेता अश्विन जोशी, राजेश चौकसे, विनय बाकलीवाल, अरविंद बागड़ी, चिंटू चौकसे, दीपू यादव, अमन बजाज, सच सलूजा, सन्नी राजपाल, रीना बौरासी, रमीज खान और साक्षी शुक्ला आदि मौजूद थे।