
itarsi news,itarsi,keshla,kohda,Ashok Sahu, kalaakhaar, jamani
इटारसी. केसला ब्लॉक की पंचायतों में भजन और कला मंडलों को सामग्री की राशि वितरण में बंटरबांट हुई है। अब यह मामला परत दर परत सामने आ रहा है। पत्रिका ने इस मामले में जब आगे पड़ताल की तो पता चला है कि सचिवों को पता ही नहीं है कैसे यह राशि किसी ओर को मिल गई है। एक भजन मंडल के अध्यक्ष ने भजन मंडल का नाम तो बता दिया लेकिन सदस्यों के नाम ही नहीं बता पाया। एक भजन मंडल की राशि जिस व्यक्ति के नाम पर पहुंची है उसने तो महिलाओं के भजन मंडल को लाकर खड़ा कर दिया। यह बात चल रही जांच में सामने आई है। पत्रिका से बातचीत में एक सचिव तो यहां तक बोल गए कि अशोक साहू से ही पूछ लो किसे राशि दिलाई है।
भजन मंडल की राशि को लेकर हड़कंप मच गया है। अब सचिवों पर नेताओं दबाव आ रहे हैं कि वह इस मामले में सहयोग करें। इस बीच कुछ सचिवों ने पक्ष में लिखकर देने से साफ मना कर दिया है। यदि इस मामले में निष्पक्ष जांच हुई तो बड़ा घोटाला सामने आएगा।
-चौकीपुरा
चौकीपुरा में श्रीराम मंडल के बबलेश प्रधान के नाम राशि आई है। इस मंडल के अध्यक्ष ने अपना मंडल का नाम तो बता दिया लेकिन सदस्यों के नाम नहीं बता पाए। सचिव मनोज तेकाम ने बताया पॉलीटीशियन हॉवी हो गए है। उन्हीं लोगों ने अपने लोगों को दिलवाएं हैं।
- चांदकिया
चांदकिया पंचायत के श्री नायक बाबा भजन मंडली भरत यादव के नाम पर राशि आई है जबकि पंचायत अशोक धुर्वे की भजन मंडल के नाम प्रस्तावित करके भेजा था। पंचायत सचिव अर्जुन सिंह ने बताया कि संतुष्टि प्रमाण पत्र मांगा तो हमने नहीं दिया। मैं कैसे संतुष्टि प्रमाण पत्र दे सकता हूं।
- साधपुरा
साधपुरा में संत शिरोमणि सरबन साध बाबा के भगवान दास के नाम पर राशि आई है। पंचायत सचिव मनफूल बामने ने बताया कि जिस मंडल के नाम प्रस्तावित किया था उसे तो यह नहीं दी किसी ओर मंडल के नाम पर राशि आ गई है।
- टांगना
टांगना पंचायत में जय हिंद समिति के रामप्रीत उइके को यह राशि मिली है। इस मंडल का नाम पंचायत की ओर से नहीं भेजा गया था। सचिव संतोष साद्य ने बताया कि जिस मंडल का नाम प्रस्तावित किया गया था उसे राशि मिली ही नहीं है।
- डांडीवाड़ा
डांडीवाड़ा पंचायत में राधाकिशन मंडल के तारा यादव के नाम पर राशि आई है। इस मामले में डांडीवाड़ा के सचिव मदन यादव ने बताया कि पंचायत से किसी का नाम ही नहीं भेजा था क्योंकि हमसे कोई सूची ही नहीं मांगी गई। पता नहीं किसको यह राशि मिल गई है।
- जमानी
जमानी में श्याम सुंदर भजन मंडल के निखलेश यादव को यह राशि मिली है। जमानी सचिव ने बताया कि पंचायत से रेवा भजन मंडल का नाम प्रस्तावित करके भेजा गया था। जनपद से चल रही जांच के दौरान निखलेश यादव ने महिलाओं के भजन मंडल को खड़ा कर दिया था।
-बाबई खुर्द
बाबई खुर्द पंचायत में बाल गोपाल धांई खुर्द के उमेश मायावाड़ के खाते में राशि है। पंचायत सचिव कामता यादव ने बताया कि अपने आप ही इस मंडल का नाम आ गया है पता नहीं कैसे यह नाम आया क्योंकि पंचायत की ओर से नाम प्रस्तावित नहीं किया गया था।
- भडग़दा
भडग़दा पंचायत में भीला देव भजन मंडल के मधु यादव के खाते में राशि आई है। पंचायत सचिव सोनू बामने से जब इस संबंध जानकारी ली तो उन्होंने कहा कि विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू से ही पूछो उन्हीं ने अपने कार्यकर्ता को दिलाई है। हमारी ओर से नाम दिया था उसे तो नहीं मिला।
- कोहदा
कोहदा में दुर्गा महिला भजन मंडली की मालती यादव के नाम पर यह राशि आई है। पंचायत सचिव संतोष उइके ने बताया कि पंचायत की ओर से श्रीराम मंडल का नाम भेजा गया था लेकिन यह किसी महिला मंडल के नाम पर भेज दी गई है।
Published on:
18 Oct 2018 11:52 am
बड़ी खबरें
View Allइटारसी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
