17 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इटारसी में रातभर हुई बारिश से उफान पर आई नदियां, शहर के निचले इलाकों में भरा पानी, गांव का शहर से कटा संपर्क

इटारसी में रातभर हुई बारिश से उफान पर आई नदियां, शहर के निचले इलाकों में भरा पानी, गांव का शहर से कटा संपर्क

2 min read
Google source verification
Rivers in spate due to overnight rain in Itarsi, low lying areas of the city filled with water, village cut off from city.

इटारसी में रातभर हुई बारिश से उफान पर आई नदियां, शहर के निचले इलाकों में भरा पानी, गांव का शहर से कटा संपर्क

शहर में रात भर तेज बारिश हुई। जिसके चलते नगर के निचले इलाकों में पानी भर गया।

इटारसी. शहर में रात भर तेज बारिश हुई। जिसके चलते नगर के निचले इलाकों में पानी भर गया। मेहरागांव नदी सहित सभी बरसाती नदी-नाले उफान पर आ गए। जिसकी वजह से आसपास के गांव का शहर से सीधा संपर्क कट गया था। शहर के कई इलाके भी पुल-पुलियाओं पर पानी आ जाने से कटे रहे।

लगातार हो रही बारिश से शहर के पुरानी इटारसी, राधा कृष्ण मार्केट, बंगलिया, आवाम नगर, गरीबी लाइन अंडर ब्रिज, झुग्गी झोपड़ी, न्यास कॉलोनी मालवीयगंज नदी मोहल्ले समेत नाला मोहल्ला, बारह बंगला अंडर ब्रिज पर बारिश का पानी भर गया था। इधर अवामनगर, नई गरीबी लाइन, लाइन क्षेत्र, पुरानी इटारसी की निचली बस्तियों, नरेन्द्र नगर में पानी भर गया।

शहर के वार्ड 6 और राधा कृष्ण मार्केट में बारिश का पानी भर गया। रविवार सुबह से कुछ दुकानदार और रहवासी बारिश का पानी निकालते नजर आए। इटारसी रेलवे स्टेशन के पास बने जीआरपी थाने में बारिश का पानी भर गया था। जीआरपी परिसर बारिश के पानी से जलमग्न हो गया। शहर में जलभराव की स्थिति देखने नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे, एसडीएम टी प्रतीक राव व अन्य अधिकारी अलग-अलग जगह पहुंचे थे।

बैरीकेट लगाकर रोका रास्ता-

गरीबी लाइन होते हुए हाईवे को जोडऩे वाले रेलवे अंडरब्रिज में बारिश का पानी भर गया जिससे यहां से आवाजाही पूरी तरह बंद रही। पुलिस प्रशासन ने यहां दोनों तरफ बैरीकेट लगाकर सुरक्षा के लिए रास्ता बंद कर दिया था। इधर बारह बंगला रेलवे पुलिया से भी आवाजाही पानी भर जाने से बंद रही। नयायार्ड जाने वाले पुल पर ग्वालबाबा मंदिर के पीछे पानी भरने से मार्ग बंद हो गया। न्यास कालोनी बायपास के ऊपर से पानी बहकर जा रहा था। यहां एक निजी स्कूल पहुंच मार्ग पर बनाया गया पुल भी पानी में डूब गया था।

कई गांवों का शहर से टूटा संपर्क-

क्षेत्र में भारी बारिश से कई गांवों की सीमाएं जलमग्न हो गयी है । इटारसी तहसील के सिलारी, चिल्लई, रूपापुर, गजपुर, घोघरी, नांदनेर,बटकुई, कैंप, बेलाबाड़ा, छीपीखापा एवं अन्य गांवों का शहर से रात से ही संपर्क कट गया। सिलारी गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजनांतर्गत मार्ग पर पुलिया बनीं हुई है। जिसकी ऊंचाई अत्यधिक कम होने से बाढ़ का पानी रोड पर आ जाता है। भारतीय किसान संघ के जिला प्रवक्ता रजत दुबे ने बताया कि पहले भी इस पुलिया की ऊंचाई बढ़ाने शासन प्रशासन को ज्ञापन दिया जा चुका है।

गजपुर में रेलवे ब्रिज नहीं होने से मुश्किल में ग्रामीण-

इटारसी के ही गजपुर गांव में रेल्वे पुलिया में बाढ़ का पानी आने से गजपुर गांव का संपर्क कट गया। पुलिया के पास ही स्कूल होने से स्कूल में भी 4-5 फीट तक पानी जमा हो जाता है। जिससे स्कूल में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों की मांग है कि रेलवे लाइन के ऊपर ओवर ब्रिज या अन्य जगह से अंडरब्रिज बन जाए तो ग्रामीणों का आवागमन सुलभ हो जाएगा। गजपुर के नीलेश पटेल ने बताया कि पुलिया में पानी भर जाने से शहर से संपर्क टूट गया है।