5 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

12 से 18 इंच के ‘विंडो कूलर’ की मची धूम, ब्रांडेड से सस्ता और टिकाऊ

Window Cooler: शहर में छोटी-बड़ी करीब 500 से अधिक इकाइयों में टीन कूलर और उसके पार्ट्स तैयार किए जा रहे हैं।

2 min read
Google source verification
Window Cooler

Window Cooler (Photo Source - Patrika)

Window Cooler: मार्च की शुरुआत में ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। शहर में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह की आर्द्रता 56 प्रतिशत और शाम की आर्द्रता 28 प्रतिशत रही, जबकि उत्तर-पश्चिमी दिशा से 7 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलीं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

तापमान बढ़ने के साथ ही बाजार में पंखे, कूलर और एसी की मांग बढ़ने लगी है। जबलपुर विंडो कूलर के निर्माण और आपूर्ति के लिए प्रमुख केंद्र के रूप में उभर चुका है। यहां तैयार होने वाले लोकल टीन कूलर की मांग शहर के अलावा कटनी, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, मंडला और डिंडौरी जैसे जिलों तक पहुंच रही है।

सैकड़ों यूनिट में बन रहे कूलर

शहर में छोटी-बड़ी करीब 500 से अधिक इकाइयों में टीन कूलर और उसके पार्ट्स तैयार किए जा रहे हैं। इन इकाइयों में कूलर की टंकी, कवर और फ्रंट शीट सहित अन्य हिस्सों का निर्माण होता है। स्थानीय स्तर पर बने कूलर कीमत के मामले में ब्रांडेड कूलरों की तुलना में सस्ते पड़ते हैं, इसलिए इनकी मांग लगातार बनी रहती है। गोहलपुर, रद्दी चौकी और अधारताल क्षेत्र में विंडो कूलर के निर्माण की बड़ी इकाइयां संचालित हो रही हैं।

इनसे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल रहा है, जिनमें इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर और स्टील-टीन पर काम करने वाले कारीगर शामिल है। कूलर निर्माता यूसुफ खान के अनुसार स्थानीय स्तर पर तैयार कूलर 2200 रुपए से लेकर 6500 रुपए तक की कीमत में उपलब्ध है। इनकी साइज 12 इंच से 18 इंच तक होती है।

यह है स्थिति

-लोकल टीन कूलर का बड़ा बाजार
-2200 से 6500 रुपये तक लोकल विंडो कूलर
-12 इंच से 18 इंच तक कूलर की साइज
-एग्जॉस्ट फैन और टंकी का भी स्थानीय निर्माण
-10 से अधिक कंपनियां कूलर कारोबार में
-15 से ज्यादा कंपनियां एसी बाजार में सक्रिय

ब्रांडेड कूलर-एसी का भी बढ़ा कारोबार

गर्मी बढ़ने के साथ ब्रांडेड कूलर और एसी की बिक्री भी तेज हो गई है। शहर में 10 से अधिक कंपनियां कूलर और 15 से ज्यादा कंपनियां एसी के कारोबार में सक्रिय हैं। ब्रांडेड फाइबर कूलर 5 हजार से 25 हजार रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं।