
जबलपुर. थल सेना में अग्निवीरों की भर्ती के लिए जबलपुर में 22 अप्रेल से कॉमन एंट्रेस एग्जाम (सीईई) शुरू होंगे। ये पांच मई तक चलेंगे। इसके लिए प्रदेश के 15 जिलों के युवाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया है। 13 हजार उम्मीदवार परीक्षा देंगे। इसमें सफल रहने वालों को फिजीकल टेस्ट में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसकी तैयारियां सेना भर्ती कार्यालय ने शुरू कर दी हैं। परीक्षा का आयोजन पाटन बायपास ग्राम रैगवा में संचालित निजी कॉलेज में किया जाएगा। सेना भती कार्यालय जबलपुर की तरफ से आयोजित परीक्षा चार शिफ्ट में होगी। 22 अप्रेल से 3 मई तक होने वाली परीक्षा सुबह 8:30 बजे से शुरू होकर शाम 6:30 बजे तक होगी। प्रत्येक दिन अलग-अलग जिलों से युवा उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा। सेना भर्ती कार्यालय ने उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र के साथ परीक्षा केंद्र पर 90 मिनट पहले बुलाया है ताकि उनके दस्तावेजों की जांच की जा सके।
बड़ी संख्या में आने वाले उम्मीदवारों को देखते हुए सैन्य प्रशासन ने जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से व्यवस्थाओं के सहयोग के लिए पत्र लिखा है। इसमें परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के अलावा प्रशासन की तरफ से अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया जाएगा ताकि एग्जाम बिना किसी बाधा के संचालित हो सके।
सेना की वेबसाइट पर मिलेगा प्रवेश पत्र
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार जिन उम्मीदवारों ने आवेदन किया था उन्हे सेना की वेबसाइट पर ऑनलाइन प्रवेश पत्र मिलेगा। ज्ञात हो परीक्षा के लिए जबलपुर के अलावा अनूपपुर, बालाघाट, डिंडोरी, कटनी, मंडला, मऊगंज, रीवा, सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और उमरिया जिले से उम्मीदवारों को बुलावा पत्र भेजा गया है। इस एग्जाम में पास होने वाले युवाओं को फिजीकल टेस्ट देने का अवसर मिलेगा। इसकी तिथियां परीक्षा के बाद घोषित होंगी।
Updated on:
16 Apr 2024 12:42 pm
Published on:
16 Apr 2024 12:38 pm

बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
