24 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मप्र में गजब का कांड, जो अस्पताल है ही नहीं, उसने खरीद ली 10 हजार कोविशील्ड

मप्र में गजब का कांड, जो अस्पताल है ही नहीं, उसने खरीद ली 10 हजार कोविशील्ड  

2 min read
Google source verification
Amazing case in MP

Amazing case in MP

जबलपुर। कोरोना वैक्सीन की डोज निजी अस्पतालों में जल्द उपलब्ध होने की तैयारी के बीच एक बड़ी गड़बड़ी उजागर हुई है। शहर में जिस हॉस्पिटल के नाम पर कोविशील्ड वैक्सीन की 10 हजार डोज खरीदी गई है, वह जिले में है ही नहीं। इस बात का पता तब चला जब सीरम इंस्टीटयूट ने प्रदेश में उन निजी अस्पतालों के नाम की सूची जारी कि जिन्हें कोविड वैक्सीन की आपूर्ति की जाना है। इसमें जबलपुर के मैक्स हेल्थ केयर इंस्टीट्यूट लिमिटेड के नाम से 10 हजार डोज वैक्सीन का परचेज ऑर्डर प्लेस किया गया है। वैक्सीन की आपूर्ति से पहले स्वास्थ्य विभाग ने मैक्स हेल्थ केयर इंस्टीट्यूट के बारे में छानबीन की। जांच में इस नाम से कोई अस्पताल सरकारी रेकॉर्ड में रजिस्टर्ड ही नहीं मिला। इससे वैक्सीन खरीद में गड़बड़ी की आशंका बन गई है।

जबलपुर में जिस हॉस्पिटल के नाम पर कोविशील्ड की 10 हजार डोज खरीदी गईं, वह जिले में है ही नहीं
सीरम इंस्टीट्यूट की कोरोना वैक्सीन आपूर्ति सूची में है नाम
वैक्सीन की खरीदी में बड़ी गड़बड़ी की आशंका


25 मई को जांच में खुलासा

प्रदेश के छह प्राइवेट अस्पतालों ने सीरम इंस्टीट्यूट से वैक्सीन खरीदी का ऑर्डर दिया था। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अस्पतालों में वैक्सीन भंडारण के लिए कोल्डचेन एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित शहर के स्वास्थ्य अधिकारियों से मांगी थी। 25 मई को भोपाल से आए आदेश के बाद मैक्स हेल्थ केयर इंस्टीट्यूट लिमिटेड के बारे में शहर में छानबीन की गई। इसका कोई पता नहीं चला तो जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में जिले में पंजीकृत अस्पतालों के नाम भी खंगाले गए। इसमें मैक्स हेल्थ केयर नाम से जिले में कोई अस्पताल पंजीकृत नहीं मिला। यह जानकारी उसी दिन भोपाल भेज दी गई।

IMAGE CREDIT: patrika

मामले में जांच के निर्देश
वैक्सीनेशन एप पर दो दिन पहले जबलपुर के अस्पताल के नाम पर 10 हजार डोज आवंटित होने की सूचना अपडेट हुई। इसके बाद मामला चर्चा में आया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले के हर पहलू को जांच के दायरे में लिया है। ये भी पता लगाया जा रहा है कि किसी ने शरारत तो नहीं की है। किसी अस्पताल ने जानबूझकर गलत जानकारी तो नहीं भेजी है। मामले में सीरम इंस्टीट्यूट से अस्पताल के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी गई है। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक सार्वजनिक नहीं की गई है।

कुछ दिन पहले भोपाल से निर्देश प्राप्त हुए थे। मैक्स हेल्थ केयर इंस्टीट्यूट में कोविड वैक्सीन के लिए कोल्ड चेन व अन्य सुविधाओं की जानकारी भेजने कहा गया था। शहर में मैक्स नाम का कोई अस्पताल नहीं है। ये अधिकारियों को बता दिया गया है।
- डॉ. शत्रुघन दाहिया, जिला टीकाकरण अधिकारी