
घनी आबादी में मधुमक्खियों का हमला : सड़क पर मची भगदड़, 10 लोग अस्पताल में भर्ती, वीडियो वायरल
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में स्थित घने इलाके की एक सड़क पर उस समय भगदड़ मच गई, जब इलाके में लगे छत्ते से निकलकर अचानक ही मधुमक्खियों ने राह चलते लोगों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि, मधुमक्खियों के हमले से 10 राहगीर घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए शहर के विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, जानकारी ये भी सामने आई है कि, घायलों में से 5 की हालत गंभीर है।
मधुमक्खियों के हमले की इस हैरान कर देने वाली घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफतौर पर देखा जा सकता है कि, किस तरह सड़क से गुजर रहे लोगों पर मधुमक्खियों ने एकाएक हमला कर दिया। अचानक से हुए मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए मौके पर मौजू लोग इधर उधर भागते नजर आ रहे हैं। यही नहीं घटना के कई घंटों बाद भी इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। आपको बता दें कि, शहर की जीसीएफ फैक्ट्री के पास मंगलवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मधुमक्खियों ने आसपास से गुजरने वाले राहगीरों पर हमला कर दिया।
सामने आया घटना का सीसीटीवी फुटेज
यहां से गुजरने वाले लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक मधुमक्खियों ने कई लोगों को बुरी तरह काटकर घायल कर दिया। मधुमक्खियों के हमले को देखते हुए सड़क पर आम लोगों की आवाजाही पर रोक दी। मधुमक्खियां इलाके में कई घंटों तक लोगों पर हमले करती रहीं। घटना के सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि, मधुमक्खियों के हमले से बचने के कोई झाड़ी में तो तो कोई सड़कों पर ही अपने वाहन छोड़कर मौके से भाग निकले, तब कहीं जाकर उनकी जान बची। हालांकि, इस कारण इलाके में लंबा ट्रैफिक जाम हो गया। बिगड़ते हालात को देखते हुए करीब 1 घंटे के लिए दोनों तरफ से रास्ता बंद करना पड़ा, ताकि मार्ग पर भीड़ अधिक होने से किसी बड़े नुकसान से बचा जा सके।
5 की हालत गंभीर
इस दौरान धुमक्खियां घंटों तक जीसीएफ फैक्ट्री सतपुला से पनेहरा पेट्रोल पंप तक लोगों पर हमले करती रहीं। बता दें कि, मधुमक्खियों के हमले में दस राहगीर घायल हो गए हैं, इनमें से 5 की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल, सभी घायलों का इलाज शहर के विक्टोरिया अस्पताल में चल रहा है।
फैक्ट्री प्रबंधन बोला- हम अकसर हटवाते हैं ये छत्ते, पर...
बताया जा रहा है कि, इलाके में मधुमक्खियों के एक दो नहीं, बल्कि कई छत्ते हैं, जिनके कारण अकसर ये लोगों को अपना शिकार बनाती रहती हैं। फैक्ट्री प्रबंधन का कहना है कि, उनकी ओर से कई बार मधुमक्खियों के इन छत्तों को यहां हटाया जा चुका है। लेकिन, कुछ दिन बाद ही ये मधुमक्खियां फिर से यहां अपना आशियाना तैयार कर लेती हैं।
Published on:
30 May 2023 08:12 pm
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
