
Bomb Threat :मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के अंतर्गत आने वाले रांझी थाना इलाके में स्थित सेंट गेब्रियल स्कूल में मंगलवार सुबह बम को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद स्कूल के साथ साथ पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन द्वारा घटना की सूचना दिए जाने के बाद रांझी थाना पुलिस के साथ बीडीएस (बम निरोधक दस्ते) की टीम तुरंत स्कूल पहुंची और तत्काल ही पूरा स्कूल खाली करा दिया है। फिलहाल, बॉम्ब स्क्वाड की टीम बम की तलाश में जुट गई। हालांकि, करीब एक घंटे की पड़ताल के बाद भी स्कूल के किसी भी सार्वजनिक और संदिग्ध क्षेत्र में अबतक बम नहीं मिला है। ऐसे में इसे अफवाह माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि, स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी उस समय दी गई है, जब यहां छठवीं से आठवीं क्लास के बच्चों के फाइनल पेपर चल रहे थे। ऐेसे में बम की धमकी मिलने के वक्त स्कूल में करीब 1 हजार बच्चे मौजूद थे। ऐसे में मेनेजमेंट में धमकी को लेकर हड़कंप मच गया। वहीं, जानकारी मिलते ही रांझी थाना प्रभारी मानस द्विवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरु की। पत्रिका से बातचीत में उन्होंने बताया कि 'बम की तलाशी के लिए स्कूल से सभी बच्चों के साथ साथ स्टाफ को बाहर निकाल दिया है। स्क्वाड पूरे स्कूल की तलाशी कर रहा है।
पुलिस तफ्तीश में पता चला है कि, स्कूल प्रिंसिपल के आधिकारिक ईमेल पर किसी ने मैसेज भेजा था कि, प्रभाकर नाम के व्यक्ति ने स्कूल में बम रखा है, जो कुछ ही देर में विस्फोट हो सकता है। सुबह 10:40 पर प्रिंसिपल के ऑफिशियल मेल पर स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने आनन फानन में पुलिस को सूचना दी। घटना को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एग्जाम के बीच से बच्चों समेत स्कूल स्टाफ को परिसर से बाहर कर दिया, ताकि किसी अनहोनि पर जनहानि की संभावना न बने। इधर, सेंट गेब्रियल स्कूल में बम की अफवाह उड़ने पर नजदीक स्थित सेंट जोसेफ स्कूल की भी छुट्टी कर दी गई है।
Updated on:
18 Feb 2025, 1:58 PM IST
Published on:
18 Feb 2025, 1:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.