4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यहां बंदूक की नोक पर काटे जा रहे हैं बिजली कनेक्शन, जानिए क्या है मामला

बिजली कंपनी शहर के 5 हजार से ज्यादा बकायादारों से नहीं वसूल पा रही है करोड़ों के बिजली बिल की राशि  

2 min read
Google source verification

image

Ajay Khare

Nov 16, 2016

mppkvvco.ltd,bijali company jabalpur,shakti bhawan

bijali

जबलपुर। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड जब सिटी सर्किल के पांच हजार से ज्यादा बकायादारों से करोड़ों के बिल की राशि नहीं वसूल कर सकी तो उसे अब बंदूकधारियों का सहारा लेना पड़ रहा है। एसएएफ की मदद से ऐसे बकायादारों के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं जिन पर महज हजारों रुपए की राशि बकाया है जबकि उन बड़े उपभोक्ताओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही जिन पर लाखों रुपए बकाया हैं।
बुधवार को पांचों नगर संभाग के बिजली बिल बकायादारों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू की गई और 300 से ज्यादा उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए । इनके फीडर प्रभारी कनिष्ठ अभियंताओं को पांच हजार रुपए से ज्यादा बिजली बिल बकायादार उपभोक्ताओं की सूची दे दी गई है। बताया गया है कि 19 नवम्बर तक समस्त बकायादारों के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।

किस संभाग में कितना बकाया
जानकारी के अनुसार सिटी सर्किल के पांचों नगर संभाग में पांच हजार से ज्यादा ऐसे उपभोक्ता हैं, जिनमें प्रत्येक पर पांच हजार से ज्यादा बिल राशि बकाया है। नगर संभाग पूर्व में दो हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं पर 3 करोड़ से ज्यादा बिजली बिल बकाया है। नगर संभाग में 480 से अधिक उपभोक्ताओं पर 50 लाख से ज्यादा बिल राशि बकाया है। नगर संभाग उत्तर में 480 से ज्यादा उपभोक्ताओं पर 50 लाख से ज्यादा की राशि बकाया है। नगर संभाग दक्षिण में 1300 से ज्यादा उपभोक्ताओं पर 2 करोड़ 15 लाख रुपए बकाया हैं। विजयनगर संभाग में 700 से अधिक उपभोक्ताओं पर 1 करोड़ से अधिक की राशि बकाया है। बिजली कंपनी बकाया राशि वसूलने के लिए 30 नवंबर तक समाधान योजना भी चला रही है ।

इनका कहना है
बिजली बकायादारों के कनेक्शन काटने में विशेष सशस्त्र बल का सहयोग लिया जा रहा है। 24 नवम्बर तक बिजली उपभोक्ता पुराने 500 व 1000 रुपए के नोट के माध्यम से भी अपने बिजली बिलों का भुगतान कर सकेंगे। इसके अलावा सुबह9.30 से रात 8.00 बजे तक एटीपी एवं भुगतान केन्द्र खुले रहेंगे।
आरके स्थापक,अधीक्षण अभियंता बिजली कंपनी