2 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हॉकर जोन सूने, सड़क-चौराहों पर कब्जा

शहर के कई इलाकों को व्यवस्थित नहीं कर सका निगम प्रशासन

2 min read
Google source verification
shops

shops

ये है स्थिति
- 20 हजार से ज्यादा स्ट्रीट वेंडर हैं नगर में
- 06 हॉकर जोन बनाए नगर निगम प्रशासन ने
- 03 हॉकर जोन खाली
- 2.5 करोड़ रुपए खर्च हुए हॉकर जोन बनाने में

जबलपुर। सड़कों, फुटपाथ और चौराहों पर सब्जी, फल व्यापारियों और खोमचे वालों ने पूरे जबलपुर शहर में कब्जा कर रखा है। यहां खरीदी के लिए आने वाले सड़कों पर वाहन पार्क करते हैं। इससे आए दिन यातायात बाधित होता है। अनचाहे जाम से लोगों को परेशानी होती है। इस समस्या के निरारकण के लिए नगर निगम प्रशासन ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में करोड़ों रुपए की लागत से हॉकर जोन का निर्माण कराया है। हॉकर जोन में स्ट्रीट वेंडर्स की शिफ्टिंग नहीं होने से तीन हॉकर जोन अभी भी खाली पड़े हुए हैं। नगर निगम प्रशासन सड़कों और फुटपाथ लगाने वालों पर कार्रवाई तो करता है, लेकिन यह जुर्माने तक ही सीमित है। निगम के जिम्मेदार समस्या के स्थाई निराकरण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
हॉकर जोन की स्थिति
कछपुरा : अब तक नहीं हुई शिफ्टिंग
कछपुरा में तीन साल पहले हॉकर जोन का निर्माण हुआ था। निगम ने हॉकर जोन के नाम पर चबूतरे बनाने और लाइट लगाने में एक करोड़ रुपए खर्च कर दिए। हॉकर जोन आज भी खाली पड़ा है। जबकि, स्नेह नगर मोड़ और गढ़ा ओवरब्रिज के पास सड़क पर ठेलों पर सब्जी और फलों का विक्रय होता है। इससे यातायात भी बाधित होता है।
दमोहनाका : मैकेनिक जोन
दमोहनाका में आइएसबीटी छोर और अधारताल मार्ग के दोनों और फल और चाय-खोमचे वालों की दुकानें हैं। यहां के स्ट्रीट वेडर्स को शिफ्ट करने के लिए क्षेत्रीय बस स्टैंड के पीछे की ओर हॉकर जोन बनाया गया है। लेकिन, अभी तक वेंडर्स की शिफ्टिंग नहीं हुई। हॉकर जोन में दोपहिया वाहनों के मैकेनिक को शिफ्ट किया गया है।
धनवंतरी नगर चौराहा : शिफ्टिंग के नहीं हुए प्रयास
धनवंतरि नगर चौराहे के पुरवा छोर पर चार साल पहले हॉकर जोन के नाम पर चबूतरे बनाए गए, जो आज भी खाली हैं। जबकि चौराहे पर मेडिकल छोर, भेड़ाघाट मार्ग, धनवंतरी नगर की ओर जाने वाली सड़क पर सब्जी, फल, चाय-खोमचे वालों का जमावड़ा है। इससे चौराहे पर प्रतिदिन जाम लगता है। यहां स्ट्रीट वेंडर्स की शिफ्टिंग के लिए कोई प्रयास नहीं हो रहे हैं। नगर निगम के बाजार अधीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि स्ट्रीट वेंडरों को पूर्व में हॉकर जोन में जगह आवंटित की गई थी। हॉकर जोन में शिफ्ट नहीं होने पर आवंटन निरस्त कर दिया गया। स्ट्रीट वेंडरों को चिह्नित हॉकर जोन में नए सिर से स्थल का आवंटन किया जाएगा।