
Jabalpur Bargi Dam Tragedy CM Mohan Yadav Takes Strict Action Against Officials
Jabalpur Bargi Dam Tragedy: मध्यप्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम को हुए भयावह हादसे के बाद शुक्रवार को सीएम मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई की है। सीएम मोहन यादव शुक्रवार को जबलपुर में हादसे के पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे और उन्होंने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए। इसके कुछ देर बाद ही सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर क्रूज हादसे में लापरवाही के मामले में 5 अधिकारी-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई करने की जानकारी दी है।
सीएम मोहन यादव ने फेसबुक पर पोस्ट कर लिखा- जबलपुर में बरगी जलाशय में हुए दुखद क्रूज हादसे में लापरवाही के मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी (FOA) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की गई हैं। होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को कार्य में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया है, जबकि रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर विभागीय जांच संस्थित की गई है। इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने साफ-साफ कहा है कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शासन हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।
इससे पहले क्रूज हादसे के पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए सीएम मोहन यादव जबलपुर पहुंचे थे। इस दौरान जब वो क्रूज हादसे में मृत नीतू सोनी के निवास पर पहुंचे और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं, तो सीएम को देखकर परिवार की बेटी अपने आंसू नहीं रोक पाई। ये देख सीएम मोहन यादव भी भावुक हो गए और उसके सिर पर हाथ रखकर सांत्वना दी। इस बीच उन्होंने दो छोटे बच्चों को भी गले लगाकर दुख बांटा। इसके बाद सीएम रियाज हुसैन के घर पहुंचे। रियाज क्रूज हादसे में बाल-बाल बच गए थे।
बता दें कि जबलपुर के बरगी बांध में गुरुवार शाम को तेज आंधी तूफान के कारण उठी लहरों के कारण पर्यटकों से भरा एक क्रूज डूब गया था। इस हादसे में अभी तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 4 अब भी लापता हैं। 28 लोग सुरक्षित बचाए गए हैं। इस भयावह हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक जताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी है और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये सहायता देने की घोषणा की है। वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
Published on:
01 May 2026 09:01 pm
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
