जबलपुर। कानून व्यवस्था का पालन कराने वाला पुलिस विभाग खुद पानी का दाम नहीं चुका पा रहा है। नगर निगम के रिकॉर्ड में पुलिस विभाग सबसे बड़े जल बकायादारों में है। विभाग की धमक के आगे निगम अमला भी लाचार है। उसे हर साल लाखों रुपए कीमत का पानी मुफ्त में पिलाना पड़ रहा है। विभाग पर पूरे तीन करोड़ 64 लाख 74 हजार 697 रुपए बकाया हैं।
नगर निगम के जलकर बकायादारों के आंकड़ों में दो करोड़ 21 लाख रुपए से ज्यादा बकाया अकेले पुलिस लाइन पर है। इसके अलावा एसपी कार्यालय, पुलिस थानों पर भी लाखों रुपए बकाया है। पुलिस पर यह बकाया कई साल से लंबित है। हर साल निगम की तरफ से विभाग को रश्मि अदायगी के तौर पर बिल भेजा दिया जाता है। निगम कर्मियों की इतनी हिम्मत नहीं होती कि वे नल कनेक्शन काट सकें।
52 लोगों पर 11 करोड़ से ज्यादा बकाया
निगम के रिकॉर्ड में 52 सरकारी विभागों पर सर्वाधिक 11 करोड, दो लाख 67 हजार 725 रुपए बकाया है। इन विभागों में रेलवे, एमपीईबी, लोकनिर्माण विभाग, मेडिकल कॉलेज, साइंस कॉलेज व पीएसएम सहित अन्य सरकारी संस्थान शामिल हैं।
110 करोड़ रुपए का जलकर बकाया
निगम को सिर्फ 110 करोड़ रुपए पुराना जलकर बकाया वसूलना है। इस साल की भी लगभग 70 करोड़ रुपए जलकर वसूली होनी है। अभी तक निगम सिर्फ लगभग 15 करोड़ रुपए ही वसूल पाया है। बड़े बकायादारों से जलकर वसूली में निगम के पास कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है।
नगर निगम के अपर आयुक्त जीएस नागेश के अनुसार सरकारी विभागों को बिल भेजा जाता है। हर साल उनके यहां से पैसे भी जमा किए जाते हैं। कुछ ही विभाग हैं, जो लंबे समय से जलकर नहीं दे रहे हैं। एेसे विभागों पर भी कार्रवाई होगी।