2 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

महिला एसआई की पकड़ी कॉलर, मारे पत्थर, चली लाठियां

तोडफ़ोड़, लाठीचार्ज के बाद 9 मकान ध्वस्त

2 min read
Google source verification
lady inspector misdeed by public

lady inspector misdeed by public

जबलपुर. चंडालभाटा से चार बार खाली हाथ लौट चुका नगर निगम का अमला बुधवार दोपहर १२ बजे कार्रवाई के लिए पहुंचा। अमले को देखते ही लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए पथराव शुरू कर दिया। इससे निगम का सुरक्षा गार्ड जुगल किशोर और एक अन्य कर्मी घायल हो गया। जेसीबी का कांच टूट गया। आक्रोशित महिला ने महिला एसआई से झूमाझटकी की, तो पुलिस ने लाठियां बरसाना शुरू कर दिया। इससे पथराव व विरोध कर रहे लोग गायब हो गए। स्थिति नियंत्रण में होने पर कार्रवाई शुरू हुई। शाम पांच बजे तक ९ आवासों को ध्वस्त कर दिया गया।

इससे पहले निगम के अफसर बुधवार दोपहर १२ बजे पूरी तैयारी से चंडालभाटा पहुंचे। महिला पुलिस, रेस्क्यू वैन, ४ जेसीबी, ६ टै्रक्टर ट्रॉली, ३ डम्पर, पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू हुई। कार्रवाई के दौरान निगम के अपर आयुक्त गजेन्द्र सिंह नागेश, प्रभारी उपायुक्त अतिक्रमण राजवीर सिंह नयन, उपयंत्री मनीष तड़षे, दल प्रभारी लक्ष्मण कोरी, राजू रैकवार, मुकेश पारस, नरेन्द्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे। आवासों को तोड़ते समय एक वृद्ध महिला की तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। पथराव के दौरान पकड़े गए युवक को देर शाम तक गोहलपुर थाने में बैठाकर रखा गया। महिला एसआई से झूमाझटकी करने वाली एक महिला के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज किया गया है।

लेमा गार्डन शिफ्ट हुए परिवार
जिन ९ आवासों को तोड़ा गया, उन सभी परिवारों को निगम ने इसी स्थान पर नए आवास बनाकर देने का प्रस्ताव रखा था। लेकिन, कोई तैयार नहीं हो रहा था। बुधवार को सभी को सामान सहित लेमा गार्डन शिफ्ट किया गया। इसके लिए निगम ने ६ ट्रैक्टर उपलब्ध कराए थे।

लाठीचार्ज में कई घायल
पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में २०-२५ महिलाओं व बच्चों के घायल होने का आरोप लगाते हुए बहुजन समाज पार्टी ने सीसीटीवी फुटेज से जांच कराकर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया क बसपा के रशित साठे को बुरी तरह पीटा गया। एक महिला को विक्टोरिया अस्पताल ले जाना पड़ा। बसपा के कमलेश, लखन अहिरवार, राकेश समुन्द्रे, अरविंद चौधरी, संतोष चौधरी, नीरज चौधरी, रवि सतनामी, शेखर चौधरी ने कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

विस्थापितों का लेमा गार्डन में विरोध, दूसरे स्थान पर जगह देने की मांग
चंडालभाटा में आवास तोडऩे के बाद जैसे ही टै्रक्टर से लोगों का सामान लेमागार्डन में बनाए गए आवासों में पहुंचना शुरू हुआ, गाजीनगर के लोग विरोध करने लगे। उन्होंने पहले गाजी नगर के लोगों को आवास आवंटित करने की मांग की। इस बीच सूचना पर क्षेत्रीय पार्षद ताहिर अली भी पहुंच गए। पार्षद की समझाइश के बाद भी लोग नहीं माने। ट्रैक्टर से चंडालभाटा के विस्थापितों का सामान नहीं उतरने दिया। इसकी सूचना निगम के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस को दी गई। अधिकारियों की समझाइश, चेतावनी के बाद लोग शांत हुए।

एेसे चली कार्रवाई
12 बजे कार्रवाई के लिए पहुंचा अमला
12.10 बजे आवासों को खाली कराना शुरू किया
12.20 बजे महिला एसआई से झूमाझटकी
12.21 बजे पथराव
12.24 बजे जेसीबी का तोड़ा कांच
12.42 बजे फिर खाली होने लगे आवास
01.10 बजे चला बुल्डोजर
05 बजे तक 9 आवास जमींदोज

ये भी पढ़ें

image