#weatheralert : मानसूनी सिस्टम ने एक बार फिर किया तरबतर, आज भारी बारिश की चेतावनी - देखें वीडियो
जबलपुर. मानसूनी सिस्टम ने एक बार फिर महाकोशल समेत सूबे को तरबतर कर दिया है। जबलपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी सहित प्रदेश के 36 जिलों में शुक्रवार सुबह से शुरू हुई बारिश देर रात तक जारी रही। लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। नर्मदा का जलस्तर बढ़ने से जबलपुर में बरगी और नर्मदापुरम में तवा डैम के 13-13 गेट खोलने पड़े। बरगी बांध में 42 हजार 162 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। वहीं 1 लाख 22 हजार 895 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। बांध का लेवल 422.85 मीटर है। यह एफआरएल से अधिक है एवं लगातार बढ़ रहा है। बांध के जलभराव क्षेत्र में बीते 48 घंटों में 80 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
मजबूत सिस्टम सक्रिय, सीजन में बारिश का आंकड़ा 53 इंच के पार
शहर में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को जबलपुर में झमाझम वर्षा हुई। सीजन में वर्षा का आंकड़ा 53 इंच के पार निकल गया। शनिवार को भारी बारिश हो सकती है। बरगी बांध के 13 गेट खुले जाने के बाद नर्मदा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ गया है। जिसके बाद अब गौरीघाट, तिलवारा घाट सहित तमाम घाट में पानी 15 से 20 फीट ऊंचाई तक आ गया है। हालांकि गेट खोले जाने की सूचना आम नागरिक तक नहीं पहुंच पाई थी। फिर भी इस विहंगम दृश्य को कमरे में कैद करने सैकड़ो सैलानी बांध तक पहुंच गए। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से मजबूत सिस्टम सक्रिय होने से मध्यम से भारी बारिश की सम्भावना है। 20 सितंबर तक बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव से महत्वपूर्ण बदलाव होगा।
देर से होगी मानसून की विदाई
मानसून का नया दौर अगले एक सप्ताह तक जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून सीजन 15 सितंबर तक विदा हो जाता है। लेकिन इस बार मानसून 24 जुलाई से सक्रिय हुआ। 20 सितंबर तक विदाई संभावित है।
छाए रहे बादल, पारा गिरा
शहर में शुकवार को सारा दिन बादल छाए रहे। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे गिरकर 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य रहा और 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। गुरुवार शाम से शुक्रवार की शाम तक 23 मिमी वर्षा हुई। इसके साथ सीजन में कुल वर्षा का आंकड़ा 1355.8 मिमी ( 53.3 इंच) पहुंच गया है।