
प्रियंका गांधी
जबलपुर. एमपी में आनेवाले विधानसभा चुनावों में जीत के लिए कांग्रेस कर्नाटक फार्मूले पर चलेगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जबलपुर में 5 गारंटी देकर अपने प्लान के साथ इरादे भी जाहिर कर दिए। प्रियंका ने यह भी कहा कि इन बातों पर अमल की जिम्मेदारी मेरी है, मेरा आपसे वादा है कि कांग्रेस की सरकार बनते ही इन घोषणाओं पर मैं अमल करवाउंगी।
प्रियंका गांधी ने गोल बाजार में जनसभा कर कांग्रेस का प्रचार अभियान शुरू किया। उन्होंने अपने संबोधन में राज्य की बीजेपी सरकार पर करारे प्रहार किए। प्रियंका गांधी ने हर हर नर्मदे, नर्मदा मैया की जय कहकर संबोधन प्रारंभ किया। उन्होंने कहा कि एमपी भारत का दिल है, जबलपुर संस्कारधानी है। इन्हीं संस्कारों के आधार पर हमारा भारत आगे बढ़ा है।
राज्य की बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि हमारे नेता जो कहते थे वो करके दिखाते थे, सेवा सर्वोपरि होती थी लेकिन पिछले 18 सालों से आपका इस्तेमाल हो रहा है, शोषण हो रहा है। कई घोषणाएं की जाती हैं और पूरा नहीं किया जाता। पिछले चुनाव में हमारी सरकार बनी थी लेकिन धनबल से बीजेपी ने हमारी सरकार गिराकर सत्ता हथिया ली। एमपी में घोटाले हो रहे हैं, घोटालो की लंबी लिस्ट है। यहां बेरोजगारी बढ़ रही है। बीजेपी ने नर्मदा मैया को नहीं छोडा, महाकाल को भी नहीं छोडा। बीजेपी ने 225 घोटाले किए, हर महीने एक घोटाला किया।
प्रियंका ने लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को चुनाव के कारण लुभाया जा रहा है। ये योजना पहले क्यों शुरु नहीं की। प्रदेश में महंगाई ज्यादा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी नेता डबल इंजन की बात करते हैं, युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही, पेपर लीक हो जाते हैं। दलितों, आदिवासियों पर अत्याचार हो रहे हैं। देश में और प्रदेश सब कुछ गलत हो रहा है पर आपको बताया जा रहा है सब अच्छा चल रहा है। किसानों के लिए सरकार ने कुछ नहीं किया। 4 हजार करोड का घोटाला मुआवजा वितरण में किया।
बीजेपी सत्ता के लिए कुछ भी कर सकती है। हमारे कुछ नेता भी अपनी विचारधारा त्यागकर बीजेपी में चले गए।
प्रियंका गांधी ने जनसभा में आए लोगों से कहा कि आपके प्रदेश के सीएम घोषणावीर हैं। 22 हजार घोषणा कीं, लेकिन 22 हजार नौकरियां भी नहीं दिला पाए। घोषणा एक प्रतिशत भी पूरी नहीं हुई।
आप जागरूक बनिए। हमने किसानों का कर्ज माफ किए, 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली दी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढाई।
पांच गारंटी दी
प्रियंका ने कहा कि हम आपके सामने कुछ गारंटी लाएं हैं जिन्हें हम लागू करेंगे, ये मेरा वादा है-
1- हर महीने महिलाओं को 1500 रुपए देंगे
2- गैस सिलेंडर 1000 में नहीं, 500 में मिलेगा
3- 100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट का बिल हाफ
4- पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे
5- बचे हुए किसानों का कर्ज माफ करेंगे
उन्होंने यह भी कहा कि हमने ऐसा ही वादा कर्नाटक में किया था और सरकार बनते ही लागू भी कर दिया।
इससे पहले डुमना एयरपोर्ट से प्रियंका ग्वारीघाट पहुंची जहां उन्होंने नर्मदाजी की पूजा की। घाट पर 101 पंडितों ने प्रियंका गांधी से नर्मदा पूजन कराई। नर्मदाजी की पूजा अर्चना के बाद महाआरती हुई। प्रियंका गांधी ने हाथ जोड़कर नर्मदा मैया से आशीर्वाद मांगा और फिर आरती भी की। उनकी जनसभा के लिए खास तौर पर महिलाएं उत्साहित नजर आईं। सभा के लिए 70 हजार वर्गफीट में पंडाल बनाया गया जोकि खचाखच भर गया था।
प्रियंका के पहले नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, विवेक तन्खा आदि कांग्रेस नेताओं ने एमपी की बीजेपी सरकार पर करारे प्रहार किए। कांग्रेस ने बाकायदा मंच पर शंख बजाकर मिशन 2023 का शुभारंभ किया। मां नर्मदा का बार—बार जिक्र किया। कमलनाथ को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के अनन्य भक्त हनुमानजी की गदा भेंट की गई।
प्रियंका के सामने पूर्व मंत्री तरुण भानोत ने कमलनाथ को भावी सीएम बताया। कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी ने भगवान का राजनीतिकरण कर दिया है। मैं भी हिंदू हूं। शिवराजसिंह ने घर घर में शराब दी, बेरोजगारी दी, भ्रष्टाचार दिया। इन मामलों में इनका मुकाबला नहीं कर सकता। मैं शिवराजसिंह को कलाकारी करने में नहीं हरा सकता। आनेवाला चुनाव एमपी के भविष्य का चुनाव है, जनता को तय करना है कि आगामी पीढ़ी कैसे जिएगी। चिलचिलाती धूप और उमस के बावजूद जबलपुर में प्रियंका गांधी को सुनने के लिए लोगों की खासी भीड़ आई ।
पुलिस को प्रियंका गांधी की सुरक्षा पर खतरे के इनपुट मिले हैं। ऐसे में जबलपुर में पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है। जेड प्लस सुरक्षा के साथ 200 अधिकारी व जवान तैनात किए गए हैं। एएसपी समर वर्मा के अनुसार प्रियंका गांधी की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस को प्रियंका को खतरे के इनपुट मिले हैं जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है।
Updated on:
12 Jun 2023 01:57 pm
Published on:
12 Jun 2023 11:12 am

बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
