
bjp-congress
जबलपुर। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले ही भाजपा ने जबलपुर की पूर्व और बरगी विधानसभा में उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। खास बात यह है कि पार्टी ने इन दोनों ही सीट के लिए कोई क्राइटेरिया नहीं अपनाया। अंदरूनी सर्वे के बाद केंद्रीय समिति ने सीधे उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। इन दो सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा होने के बाद पार्टी के पश्चिम और उत्तर विधानसभा सीट पर भी दावेदारों ने दौड़ शुरू कर दी है। इन दो सीटों पर भी दावेदारों की लम्बी कतार है। कांग्रेस में भी उम्मीद जगी है कि भाजपा के बाद पार्टी कमजोर सीटों पर समय से पहले उम्मीदवार घोषित कर देगी। कांग्रेस में सिहोरा, केंट, पनागर, पाटन विधानसभा में दावेदारों में घमासान है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार दोनों ही विधानसभा सीटों ने पार्टी ने हर स्तर पर जानकारी एकत्र करने के बाद घोषणा की है। पूर्व विधानसभा से अंचल सोनकर ने चार बार जीत हासिल की है वे पिछले साढे चार साल से यहां सक्रिय है। इसी तरह बरगी विधानसभा से नीरज सिंह शहपुरा कृषि उपज मंडी अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा वे ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष भी रहे। उनकी मां प्रतिभा सिंह ने यहां से तीन चुनाव लड़े थे। जिनमें से दो चुनाव वे जीती थी। इस आधार पर इनका भी टिकट पक्का हुआ।
-पश्चिम, उत्तर में ज्यादा दावेदार
भाजपा में अभी पिछले चुनाव में हारी हुई पश्चिम और उत्तर विधानसभा में दोवदारों की होड़ है। यहां सभी दावेदारों में समन्वय बनाकर एक की घोषणा करना फिलहाल कठिन हैं। अंदरुनी सर्वे में भी यह बात निकल कर सामने आई है। उत्तर से लगभग 8 व पश्चिम से 10 के लगभग दावेदार हैं। इसके अलावा कुछ अन्य दावेदार ऐसे हैं जो अपने राष्ट्रीय संपर्कों का हवाला देकर टिकट की कतार में हैं। दावेदारों ने भोपाल और दिल्ली की दौड़ शुरू कर दी है।
कांग्रेस में भी चार सीटों के लिए अंदरूनी गणित
कांग्रेस का भी इस चुनाव में कमजोर सीटों पर फोकस है। अब दावेदारों में उम्मीद जागी है कि समय से पहले इस बार टिकट घोषित हो सकती है।कांग्रेस में दावेदारों के बीच रायशुमारी भी हो चुकी है। कमजोर सीटों में केंट विधानसभा के लिए प्रदेश संगठन ने एक नाम पर मुहर लगा दी है परंतु यहां स्थानीय 6 से ज्यादा दावेदारों में असंतोष है। जिनकी बैठकों का दौर जारी है ऐसे में केंट में असंतुष्टों को मनाने के बाद ही टिकट की घोषणा होगी। सिहोरा विधानसभा सीट से भी महिला उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की भी चर्चा है। यहां से तीन महिला उम्मीदवारों सहित एक दर्जन से ज्यादा दावेदार है। हाल ही में हुई रायशुमारी के दौरान ही यहां दावेदारों के बीच आपस में शक्ति प्रदर्शन के दौरान टकराव हो गया था। पनागर विधानसभ में भी मजबूत उम्मीदवार को टिकट देने की कवायद चल रही है। पिछले चुनाव में यहां कांग्रेस उम्मीदवार भाजपा के बागी निर्दलीय के मैदान में होने बाद भी तीसरे नंबर पर रहा। पाटन विधानसभा में भी दावेदारों की संख्या बढ़ती जा रही है। यहां भी दावेदारों की लम्बी फेहरिस्त है जो लगातार संपर्क कर रहे हैं।
कार्यकर्ताओं को साधने की कवायद
भाजपा के दोनों ही घोषित उम्मीदवारों ने कार्यकर्ताओं को साधने की कवायद शुरू कर दी है। अंचल सोनकर टिकट की घाेषणा के समय दिल्ली में थे। वे सुबह वापस लौटे। इस दौरान उनके घर में समर्थकों की भीड़ थी। समर्थकों ने उनका स्वागत किया। जिसके बाद वे सांसद के कार्यक्रम में गए। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। उनके निवास पर कार्यकर्ताओं की बैठक भी हुई।
वरिष्ठ पदाधिकारियों से मिले
भाजपा के बरगी विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार नीरज सिंह ने शुक्रवार को दिन भर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। सुबह वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला मुख्यालय केशव कुटी गए। जहां संघ के पदाधिकारियों से मिले। इसके बाद वे सांसद राकेश सिंह के साथ एक कार्यक्रम में शामिल हुए। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के घर पहुंच कर उन्होंने मुलाकात की।पार्टी के सभी विधायकों से मुलाकात की। दोपहर बाद वे कार्यकर्ताओं के बीच भी पहुंचे। विधानसभा क्षेत्र के पार्टी के वरिष्ठ जनों से फोन पर चर्चा हुई। शाम को उनके घर पर पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक भी हुई।
Published on:
19 Aug 2023 09:13 pm
बड़ी खबरें
View Allजबलपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
