
cm house
SUV Car : पुलिस की ब्लिंकर लाइट लगाकर लग्जरी एसयूवी से घूम रहे छात्रों को पुलिस ने पीछा कर पकड़ा तो नशे में धुत्त मिले। वाहन में भाजपा का झंडा लगा हुआ था। पुलिस को सामने देखते ही रौब झाडऩे के लिए कहने लगे उनके पापा, सीएम हाउस में हैं। यहां-वहां फोन भी घुमाया पर बात नहीं बनी। उन्हें केंट पुलिस के हवाले कर दिया। दो छात्रों का मेडिकल कराकर जाने दिया, जबकि वाहन को जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार ट्रैफिक पुलिस पेन्टीनाका चौक पर चैकिंग कर रही थी। तभी काले रंग की एक एसयूवी सीजी 10 बीएल 9475 वहां से गुजरी। बोनट पर भाजपा का झंडा लगा था। तेज आवाज में अंदर गाना बज रहा था। पुलिस ने वाहन को रोका तो गाड़ी बढ़ा दी। पीछा कर रोकने पर वाहन सवार दो युवक नीचे उतरे वे पुलिस को धौंस दिखाने लगे। खुद को भोपाल से जुड़ा बताया। लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी।
पुलिस ने जब जांच की, तो भीतर शराब की बोतलें और डिस्पोजल व अन्य सामान मिला। तत्काल केन्ट थाने की पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने एसयूवी जब्त की और युवकों को थाने ले गई। जहां से उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार कार चालक और उसमें सवार सभी युवक कॉलेज के छात्र थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि कार में युवतियां भी सवार थीं, लेकिन पुलिस ने युवतियों के कार में होने की बात से इंकार किया है।
पुलिस युवकों को अस्पताल लेकर गई और मेडिकल परीक्षण कराया। बताया गया है कि दोनों युवक भोपाल के रहने वाले हैं और यहां रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। वाहन में काली फिल्म भी लगी पाई गई और सामने ग्रिल पर पुलिस की ब्लिंकर वाली लाइट लगी हुई थी। ड्रंक एंड ड्राइव सहित मोटर वीकल एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
Updated on:
7 Mar 2025, 12:12 PM IST
Published on:
7 Mar 2025, 12:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.