
power of MP Police
जबलपुर. ओमती पुलिस ने बुधवार को गलगला की पांच पाटाखा दुकानों पर छापा मारा। जांच में बिना अनुमति स्टॉक किए गए लाखों रुपए के पटाखे जब्त किए गए, जिन्हें चार लोडिंग वाहनों से थाने ले जाया गया। पुलिस ने दुकान संचालकों से पटाखा लाइसेंस तलब किया है। लाइसेंस नहीं मिलने पर संचालको के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
ओमती पुलिस की कार्रवाई : अवैध रूप से किया गया भंडारण
पांच पटाखा दुकानों पर पुलिस का छापा, लाखों के पटाखे जब्त
ओमती थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने बताया कि गलगला की पटाखा दुकानों में पाइप बम सहित अन्य पटाखों के अवैध भंडारण की सूचना मिली थी। जानकारी मिलने पर पांच टीम गठित की गई। तीन टीमें पहारिया ट्रेडर्स, अग्रहरि ट्रेडर्स और आरव ट्रेडर्स में पहुंची तो वहां बड़ी मात्रा में पटाखे और पाइप बम मिले। दुकान संचालकों से पटाखा लाइसेंस मांगा तो वे आनाकानी करने लगे।
ओमती नहीं मप्र पुलिस हैं
गलगला क्षेत्र ओमती और कोतवाली थाना क्षेत्रों में आता है। टीआई वीरेंद्र सिंह पवार टीम के साथ अमित जयसवाल और देवेंद्र जयसवाल की पटाखा दुकान पहुंचे तो संचालकों ने कहा कि उनकी दुकान कोतवाली थाना क्षेत्र में आती है, ओमती में नहीं। इस पर पवार ने कहा कि यह मध्यप्रदेश पुलिस की टीम है। इसके बाद दुकानों में जांच शुरू हुई।
दुकान को बना लिया था गोदाम
जांच में पता चला कि संचालकों ने दुकानों को गोदाम में तब्दील कर लिया था। इसके बाद ओमती पुलिस ने कोतवाली पुलिस की टीम को बुलाया और जब्त पटाखे उनके सुपुर्द किए। कोतवाली पुलिस दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
बेचने और भंडारण की अनुमति नहीं
टीआई पवार ने बताया कि गलगला में किसी भी दुकान संचालक को पटाखा बेचने और भंडारण की अनुमति नहीं है। सभी के लाइसेंस तलब किए गए हैं। लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन पर पांचों पटाखा विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त कराए जाएंगे।
Published on:
28 Sept 2023 02:26 pm
