16 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बोल्ड लेडी ने जब दांतों से खींच दिया पूरा ट्रक, हैरान रह गए लोग.. देखें लाइव वीडियो

दमोहनाका पर नजारा देख थम गए लोगों के कदम

2 min read
Google source verification
woma pulling a truck from tooth

बोल्ड लेडी ने जब दांतों से खींच दिया पूरा ट्रक

जबलपुर। भारी-भरकम ट्रक को, क्या हाथों या दांतों के सहारे खींचा जा सकता है...? आपका जवाब निश्चित तौर पर ना में ही होगा, लेकिर शुक्रवार दमोहनाका चौराहे पर कुछ ऐसा हुआ जिसे देखकर लोगों ने दांतों तले अंगुलियां दबा लीं, दरअसल यहां भगवा टोपी लगाए हुए एक महिला अपने दांतों के सहारे पूरे ट्रक को ही खींच रही थी। नजारा देख राहगीरों की कदम ठिठक गए। भारत माता के जयकारे गूंज उठे। लोगों की जुबां पर सवाल भी आए कि वीरांगना की तरह दिख रही यह महिला आखिर कौन है..? जिज्ञासुओं के चेहरे तब चमक उठे जब मंच से बताया गया कि दांतों से ट्रक को खींचने वाली यह महिला राजलक्ष्मी मांडा हैं, जो विशेष विशेष कार्यक्रम के तहत जबलपुर आई हैं।

बनाया है अनूठा रिकार्ड
बताया गया है कि राजलक्ष्मी मांडा चेन्नई की रहने वाली हैं। उन्होंने दुनिया के सर्वाधिक भार वाले ट्रक को अपने दांतों से खींचकर रिकार्ड बनाया है। जबलपुर आगमन के दौरान भी शुक्रवार को राजलक्ष्मी ने अपने हुनर का जलवा दिखाया। उन्होंने भारी-भरकम ट्रक को अपने दांतों से खींचा। इस दृश्य को कई लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया।

हुआ भव्य स्वागत
अनूठा प्रदर्शन करने वाली राज लक्ष्मी का भाजपा युवा मोर्चा व महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। उनके ऊपर पुष्प वर्षा की गई। मंचीय कार्यक्रम के बाद राजलक्ष्मी महिला कार्यकर्ताओं की रैली में शामिल हुईं। भारत माता के जयकारों के बीच अन्य महिलाओं के साथ मोटर साइकिल चलाकर उन्होंने नगर भ्रमण किया। कार्यक्रम में महिला मोर्चा नगर अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, भाजयुमो नगर अध्यक्ष रंजीत पटेल, एमआईसी सदस्य श्रीराम शुक्ला, शंकर विश्वकर्मा, राजकुमार गुप्ता, जगमोहन पाठक, दीपमाला केसरवानी, आकाश गुप्ता समेत भारी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।

कटनी के लिए प्रस्थान
राजलक्ष्मी रैली के साथ रद्दी चौकी होते हुए अधारताल बिरसा मुंडा तिराहा पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावपूर्ण विदाई दी। वे यहां से कटनी के लिए रवाना हुईं। भाजयुमो अध्यक्ष रंजीत पटेल के अनुसार राजलक्ष्मी और उनकी टीम कटनी में विश्राम व कार्यक्रम में भागीदारी करने के बाद रीवा जाएंगी। वहां भी वे युवाओं और महिलाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रोत्साहित करेंगी।