
Demo pic (Photo- Patrika)
Huge Road Accident: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बारसूर–चित्रकोट मार्ग से सामने आया है, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। इस भीषण हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह दर्दनाक घटना मारडुम थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेंद्री घूमर मोड़ के पास हुई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल युवकों को मेडिकल कॉलेज जगदलपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान राम रतन ठाकुर (20 वर्ष), रूपेंद्र नेताम (25 वर्ष) और खिलेश्वर नेताम (18 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों मृतक गरियाबंद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Updated on:
04 Feb 2026 11:20 am
Published on:
04 Feb 2026 11:20 am
