
गृह मंत्री अमित शाह (X)
Amit Shah Chhattisgarh Visit: गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर है। रायपुर में ‘अत्याधुनिक डायल 112’ और फॉरेंसिक मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाने के बाद बस्तर पहुंचे। यहां नेतानार में आयोजित कार्यक्रम में गृहमंत्री ने सभा को संबोधित किया। नक्सलवाद के खात्मे को लेकर कहा कि कहा कि आज सबके लिए ऐतिहासिक दिन हैं। नक्सलवाद खत्म करने में सबका योगदान है। उन्होंने कहा कि देश आजाद हुआ, बस्तर को आजादी नहीं मिली। 31 मार्च 2026 को बस्तर आजाद हुआ। वहीं आदिवासी युवाओं को सरकारी नौकरी में 15 प्रतिशत तक आरक्षण देने का ऐलान किया है।
अमित शाह ने कहा कि एक दौर वह भी था जब बस्तर के लाल गलियारों में एक साथ 6 पुलिसवालों की हत्या कर दी जाती थी, गरीबों का राशन तक छीन लिया जाता था और स्कूल उजाड़ दिए जाते थे। नक्सलियों का खौफ ऐसा था कि वे मासूम बच्चों को स्कूल से ही जबरन उठा ले जाते थे और हाथ में बंदूक थमाकर नक्सली बना देते थे, लेकिन हमारे जवानों ने अब इस ऐतिहासिक धरती को नक्सलियों से आजाद किया है।
गृह मंत्री ने आगे कहा कि अब सरकार ने कड़े कदम उठाकर बस्तर से इस गनतंत्र को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। इसके साथ ही अब इस ऐतिहासिक धरती को एक तीर्थस्थल के रूप में विकसित करने का काम शुरू किया जा रहा है। यहां के आदिवासी बच्चों को अब वे तमाम आधुनिक सुविधाएं दी जा रही हैं, जो पहले केवल बड़े शहरों में ही मिलती थीं। अब हर गरीब परिवार तक पीने का साफ पानी पहुंचाया जा रहा है, उनके राशन कार्ड और आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं और उन्हें 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को बस्तर जिले के नेतानार ग्राम में सीआरपीएफ कैम्प पहुँचे। यहाँ उन्होंने शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा ( जन सुविधा केंद्र ) का उद्घाटन किया। श्री अमित शाह ने इमली प्रसंस्करण केंद्र में प्रशिक्षण पा रही स्व सहायता समूह की महिलाओं से जाना कि कैसे वे इमली बिक्री कर अपनी आय में वृद्धि कर रही हैं। शाह ने बस्तर की इमली का स्वाद चखा और कहा कि यहां की इमली में बहुत मिठास है।
समूह की लंबी नाग ने बताया कि इस समूह से जुड़कर वे सालाना एक लाख रुपए तक आय अर्जित कर सकेंगी । गुंडाधूर महिला स्व सहायता समूह में महिलाएं इमली का प्रसंस्करण करके उच्च गुणवत्ता युक्त इमली पल्प तैयार कर रही हैं। वे सेवा सेतु केंद्र पहुँचे। यहां वे ग्राम नेतानार निवासी सुखदेवी से मिले। सुखदेवी ने बताया कि उन्होंने अभी अपनी पांच माह की बेटी पद्मा का आधार कार्ड बनवाया है। आधार सेवा केंद्र खुलने से पहले उन्हें 10 किलोमीटर पैदल चलकर नानगुर तक जाना पड़ता था।
अब यहां पर ग्रामीणों को नया आधार, आधार अपडेट, केवायसी, मोबाइल नम्बर अपडेट, ई-आधार जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी । सेवा सेतु केंद्र में सोनामनी ने बताया कि वे बहुत दिन महतारी वंदन योजना का ई के वाय सी कराना चाहती थीं लेकिन दूरी अधिक होने के कारण वे जा नहीं पा रहीं थीं। गांव में ही केंद्र खुल जाने के कारण आज ही उन्होंने ई के वाय सी करा लिया है।
उल्लेखनीय है कि ग्रामीण यहां पर विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन प्रमाण पत्र का लाभ ले सकेंगे। इस केंद्र में जन्म, आय, जाति आदि प्रमाण पत्र आसानी से एक ही जगह बनाये जा सकेंगे । इस केंद्र में महिलाओं को बैंक सखी का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बैंक सखी के माध्यम से महिलाएं गांव में ही पैसा जमा करना, पैसा निकालना, स्व सहायता समूह के लिए खाता खोलना, के वाय सी, बैंक खाते में मोबाईल नम्बर अपडेट, एसएचजी क्रेडिट लिंकेज जैसी सुविधाएं पा सकेंगी।
अमित शाह ने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण पा रही महिलाओं से भी मुलाकात की । यहाँ पर महिलाओं को बेसिक एवं एडवांस सिलाई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विजय कुमारी ने बताया कि यहां से सिलाई सीखने के बाद वे अच्छे से अपने परिवार का पालन पोषण कर पाएंगी। गृह मंत्री अमित शाह ने धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र में ग्रामीण महिलाओं से चर्चा की। इसके माध्यम से चावल बिक्री से ग्रामीणों महिलाओं की आय वृद्धि तो होगी साथ ही निकलने वाली धान की भूसी से पशुओं को पौष्टिक आहार भी मिलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Published on:
18 May 2026 03:59 pm
बड़ी खबरें
View Allजगदलपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
