
बस्तर में विकास को नई रफ्तार (Photo source- Patrika)
CG News: बस्तर के विकास को नई गति देने के लिए सांसद महेश कश्यप के प्रयास ने बड़ी सफलता हासिल की है। केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बस्तर सांसद को पत्र भेजकर सूचित किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के तहत जगदलपुर से सुकमा-कोंटा तक फोरलेन सड़क और जगदलपुर के महाराणा प्रताप चौक पर फ्लाईओवर निर्माण की परियोजनाओं को वित्तीय वर्ष 2024-25 की वार्षिक योजना में शामिल कर स्वीकृति प्रदान की गई है।
बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि जगदलपुर शहर के व्यस्ततम महाराणा प्रताप चौक पर फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी दी गई है। यह फ्लाईओवर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने के साथ-साथ सडक़ दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के तहत रायपुर-जगदलपुर मार्ग के 216.500 किमी और जगदलपुर-सुकमा-कोंटा मार्ग के 170.600 किमी खंड को फोरलेन में परिवर्तित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट का कार्य शुरू हो चुका है। मालूम हो कि सांसद महेश कश्यप ने 20 दिसंबर 2024 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर इन परियोजनाओं की मांग उठाई थी।
CG News: सांसद कश्यप ने कहा कि यह स्वीकृति बस्तर की जनता के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह परियोजना न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह बस्तर के लिए विकास की नई गाथा लिखेगी।
फोरलेन सड़क से बस्तर क्षेत्र में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। कनेक्टिविटी में सुधार से स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी। बेहतर सड़क और यातायात व्यवस्था से बस्तर के प्राकृतिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी।
Updated on:
02 Jul 2025 10:39 am
Published on:
02 Jul 2025 10:39 am
