
बस्तर जिला शिक्षा अधिकारी ने की चुनाव में कांग्रेस को वोट देने की अपील! लेटर सोशल मीडिया में हो रहा वायरल
जगदलपुर. संलग्नीकरण खात्मे और ट्रांसफर लिस्ट में गड़बड़ी के मामले में उच्च स्तरीय जांच का सामना कर रहे जिला शिक्षा अधिकारी सोमवार को तब चर्चा में आ गए जब सोशल मीडिया पर उनके नाम का एक पत्र वायरल होने लगा। इस वायरल पत्र में डीईओ समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य, प्रधान पाठक और संकुल समन्वयकों से कांग्रेस पार्टी के पक्ष में चित्रकोट उपचुनाव और नगर निगम के चुनाव में वोट अपील कर रहे हैं। जैसे ही यह पत्र वायरल हुआ शिक्षा महकमे में हडक़ंप मच गया।
डीईओ कार्यालय का हेड नहीं लगा है
डीईओ सोम के ऑफिशियल ग्रुप डीईओ बस्तर एडमिन में यह पत्र दोपहर में डाला गया। शाम को डीईओ ने लिखा कि यह पत्र मेरी या मेरे कार्यालय से जारी नहीं किया गया है। इसमें मेरे हस्ताक्षर नहीं हैं। यह पूरी तरह गलत है। इस बीच शिक्षा महकमे में यह चर्चा भी होती रही कि यह पत्र डीईओ की तरफ से ही जारी किया गया है लेकिन यह डमी ऑफिशियल लेटर है इसलिए इसमें जारी करने की तारीख और डीईओ कार्यालय का हेड नहीं लगा हुआ है। कहा गया कि पत्र के अंत में गोपनीय भी लिखा हुआ है जो कई सवालों को खड़ा करता है।
वायरल पोस्ट पर बनता है साइबर का मामला
सोशल मीडिया पर इस तरह से कोई भी पत्र या अफवाह फैलाने वाली सामग्री डालना कानून गलत है। इसमें आईटी एक्ट के तहत ग्रुप एडमिन और पोस्ट करने वाले पर कार्रवाई होती है। सोशल मीडिया पर कोई भी पोस्ट करने पर उसके लिए पोस्ट करने वाले और ग्रुप एडमिन को जिम्मेदार माना जाता है। हाल ही में इसे लेकर कई सख्त फैसले लिए गए हैं। कई मामलों में अफवाह फैलाने वालों को साइबर क्राइम और आईटी एक्ट के तहत जेल भी जाना पड़ा है। हाल ही में प्रदेश में बिजली कटौती और सीएम पर की गई टिप्पणी पर भी कई लोगों को जेल भेजा जा चुका है।
डीईओ के नाम से वायरल पत्र में लिखा हुआ है यह
प्रति, खंड शिक्षा अधिकारी महादेय, प्राचार्य महादेय, प्रधान अध्यापक, संकुल समन्वयक तथा शिक्षक परिवार। विषय: आगामी विधानसभा उपचुनाव एवं नगर निगम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने हेतु। अपील, आप सभी लोगों से निवेदन है कि आगामी विधानसभा उपचुनाव चित्रकोट एवं नगर पालिका निगम जगदलपुर का चुनाव होना निश्चित है। वर्तमान की सरकार कर्मचारी हित में अच्छा फैसला लेते हुए समस्याओं का निदान भी किसी ना किसी माध्यम से कर रही है। माननीय विधायक महोदय जी से मेरी चर्चा लगातार होते रहती है। आप लोगों की समस्या का समाधान करेंगे और आप लोग सभी परिवार सहित इस सरकार के पक्ष में मतदान करें। इसके पूर्व भी आप लोगों का सहयोग रहा है।
मैंने कर दी है शिकायत
बोधघाट थाने में मैंने वायरल पोस्ट की शिकायत की है। पुलिस का कहना है कि वे मामले में जांच कर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेगी। यह पत्र मेरे खिलाफ एक साजिश है। ऐसी गलती कोई नहीं कर सकता है। हम अपनी आचरण संहिता के खिलाफ काम कर ही नहीं सकते।उम्मीद है आरोपी पकड़े जाएंगे।
एचआर सोम, डीईओ बस्तर
जांच के बाद एफआईआर
बोधघाट टीआई ने बताया कि, डीईओ ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। उसकी हम जांच कर रहे हैं। उनका कहना है कि कुछ लोग स्कूलों में जाकर इस तरह का पत्र बांट रहे हैं। उसे ही वायरल भी किया गया है। फिलहाल हम पत्र बांटने वालों का पता लगा रहे हैं। वायरल पोस्ट पर उन्होंने कोई शिकायत नहीं की है। इसलिए साइबर का मामला नहीं बनता है।
Jagdalpur Crime से जुड़ी खबरें पढऩे के लिए यहां क्लिक
Published on:
06 Aug 2019 03:31 pm
बड़ी खबरें
View Allजगदलपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
