
बस्तर के राजा की संपत्ति की बिक्री को हाईकोर्ट ने किया निरस्त, जानिए क्या है पूरा मामला
जगदलपुर. बस्तर के वर्तमान राजा कमलचंद्र भंजदेव की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट के जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा व जस्टिस विमला सिंह कपूर की युगलपीठ ने विरासत में मिली संपत्ति पर वर्तमान राजा को संपत्ति का स्वाभाविक व परंपरानुसार हकदार मानते हुए पूर्व के बंटवारे को अपास्त कर दिया है। साथ ही बेची गई सभी संपत्ति को वापस लेने का निर्देश दिया है।
शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन राव ने बताया वृंदावन कॉलोनी और नयामुंडा के आसपास ३८ एकड़ में फैली जमीन राजपरिवार की है। याचिकाकर्ता कमलचंद्र भंजदेव ने अधिवक्ता राजीव श्रीवास्तव के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। याचिका में कहा गया कि याचिकाकर्ता के चाचा हरिहरचंद्र भंजदेव, दिनेशचंद्र भंजदेव व बड़ी दादी वेदवती पति स्व. राजा प्रवीरचंद्र भंजदेव ने राजा की निजी संपत्ति का बंटवारा कर उसे बेच दिया है जो बस्तर की गद्दी परंपरा के विपरीत है।
परंपरानुसार राजा की निजी संपत्ति पर वर्तमान राजा का हक होता है, जिसका इस्तेमाल राजपाट चलाने के काम में लाया जाता है। उस संपत्ति को कोई बेच नहीं सकता। जो भी राजा बनेगा विरासत में उसे वो संपत्ति मिलेगी। युगलपीठ ने प्रकरण की सुनवाई के बाद बंटवारे को अपास्त करते हुए वर्तमान राजा को संपत्ति का हकदार मानते हुए बेची गई संपत्ति को वापस लेने का निर्देश दिया है।
1978 में 25 से 30 पैसे प्रति वर्ग फुट की दर से बेची गई थी जमीन
इस मामले में तत्कालीन बस्तर महाराजा भरतचंद भंजदेव ने 1985 में निचली अदालत में अपील की। इसके बाद 2016 में जिला एवं सत्र न्यायालय में फैसला उनके पक्ष में नहीं आया। तब महाराजा कमलचंद भंजदेव हाई कोर्ट गए और अब कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया है। वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन राव ने बताया कि 1978 में जमीन 25 से 30 पैसे प्रति वर्ग फुट की दर से बेची गई थी। कुल 38 एकड़ की जमीन का विक्रय किया गया था।
यह कहता है हिंदू उत्तराधिकारी अधिनियम
हाई कोर्ट ने अपने फैसले में हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि यह अधिनियम के तहत परिवार की संयुक्त संपत्ति नहीं है। कोर्ट ने राजा की बेची गई निजी संपत्ति के समस्त विक्रय पत्र को निरस्त कर वर्तमान उत्तराधिकारी को यह संपत्ति वापस पाने का हकदार ठहराया है। बस्तर के वर्तमान राजपरिवार उत्तराधिकारी कमल चंद भंजदेव के चाचा हरिहर चंद भंजदेव, देवेश चंद भंजदेव व राजा प्रवीर चंद भंजदेव की पत्नी वेदवती देवी ने राजा की निजी संपत्ति का आपसी समझौता कर बंटवारा कर विभिन्न लोगों को बेच दिया।
हाईकोर्ट के ऑर्डर की कॉपी का इंतजार
बस्तर के महाराजा कमलचंद भंजदेव ने बताया कि, मुझे भी कोर्ट के फैसले की जानकारी मिली है, लेकिन मुझ तक अभी ऑर्डर की कॉपी नहीं आई है। ऑर्डर की कॉपी का हम इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद ही हम कुछ कह पाएंगे।
Published on:
05 Oct 2019 11:31 am
बड़ी खबरें
View Allजगदलपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
