
तेज रफ्तार हाइवा (photo source- Patrika)
NH 30 Road Accident: शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बस्तर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार से आ रहा एक हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और नगर सेना की एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के मुताबिक हाइवा रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में चालक को झपकी आ जाने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे स्थित दुकान से जा टकराया। हादसे के बाद चालक वाहन के केबिन में फंस गया और बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
रेस्क्यू के लिए पहुंची नगर सेना की एसडीआरएफ टीम ने कटर मशीन की मदद से केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक सुंदर माझी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Updated on:
15 Mar 2026 11:23 am
Published on:
15 Mar 2026 11:23 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
