
Murder case
जगदलपुर. शहर के बीचों-बीच स्थित बालाजी वार्ड स्थित बाहर से बंद एक घर में मां-बेटे का रविवार क्षत विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की बेटी इस घर के बाजू में ही रहती है, जिसने मां और भाई के लापता होने की शिकायत कोतवाली में की थी। पुलिस ने जैसे ही घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो वह भी सड़ी हालत में दो शवों को देख दंग रह गई।
कोतवाली टीआई ईश्वर प्रसाद त्रिवेदी ने बताया कि शनिवार को राखी ठाकुर ने अपनी मां फूलबाई व भाई बबलू के लापता होने की शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंची थी। उन्होंने बताया था कि उनका घर उनकी मां के घर के बाजू में ही है, लेकिन वे दोनों एक हफ्ते से लापता हैं और उनके घर के गेट में ताला लगा है और अंदर से बदबू आ रही है। पुलिस तत्काल फूलबाई के घर पहुंची और गेट में लगे ताला तोड़कर जैसे ही अंदर प्रवेश किया, मां-बेटा का क्षत विक्षत शव देखकर वह भी दंग रह गई। सूचना पर फारेंसिक टीम ने भी मुआयना किया और रात होने से आगे की जांच रविवार सुबह करने का निर्णय लिया।
घर के बाहर लगी भीड़़
इधर घटना की जानकारी लगते ही घर के सामने लोगों की भीड़ जुट गई। लोग घटना के बारे में तरह तरह की चर्चा कर रहे थे। बदबू से कुछ लोग मुंह व नाक पर रुमाल व कपड़ा रखकर जानकारी लेते रहे।
छह से सात दिन पुरानी लाश
फारेंसिक एक्सपर्ट डॉ. बी सूरी बाबू ने घटना स्थल का जायजा लेने के बाद बताया कि लाश की हालत देखकर यह छह से सात दिन पुरानी लग रही है। पुलिस ने शव को जस का तस रखकर घर के बाहर ताला लगा दिया है और आगे की जांच रविवार को करने कहा है।
इधर ढूंढते हुए घर पहुंचे रिश्तेदार
लंबे समय से फूलमती से बात नहीं होने के चलते उनके गांव बस्तर के खोरखोसा से भी उनके रिश्तेदार शनिवार को उनके घर पहुंचे। वे भी यहां का नजारा देख दंग रह गए। उन्होंने पुलिस को जानकारी भी दी और शाम तक पुलिस के साथ मौके पर ही मौजूद रहे।
मां-बेटी के बीच विवाद की चर्चा
पड़ोसियों ने बताया कि राखी ठाकुर व उसकी मां के बीच रिश्ते अच्छे नहीं थे। उनके बीच आए दिन झगड़ा-लड़ाई होती रहती थी। करीब 8-10 दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था।
पुलिस जता रही हत्या का शक
घर में इस हालत में शव का मिलना और मेन गेट में बाहर से ताला लगा होने को देखते हुए घटना में पुलिस हत्या का शक जता रही है। रविवार की सुबह फारेंसिक व पुलिस की आगे की जांच से ही आगे की स्थिति साफ हो सकेगी।
Published on:
19 Aug 2017 11:50 pm
बड़ी खबरें
View Allजगदलपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
