
File Photo
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले के नगरनार में एक तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। तीनों स्कूल की छुट्टी होने के बाद तालाब नहाने चले गए थे। घटना दोपहर एक बजे के आसपास की है। मिली जानकारी के अनुसार शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर नगरनार में गुरुवार को एक साथ तीन बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे दोस्त थे और स्कूल से छुट्टी होने के बाद समीप के तालाब में नहाने के गए थे। जब बच्चे डूबे तो किसी को खबर नहीं हुई। बाद में तीनों बच्चे जब दिखाई नहीं दिए तो वहां मौजूद अन्य बच्चों से तालाब की ओर देखे जाने की सूचना मिली।
परिजन व कुछ अन्य लोग तालाब की ओर भागे। यहां पहुंच कर उन्होंने बच्चों की तलाश शुरू की। जिसके बाद एक-एक कर तीनों बच्चों को बाहर निकाला गया। ये तीनों बेहोश थे। बच्चों की नाजुक हालत को देखते हुए पुलिस की मदद से महारानी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में प्रियांक कश्यप (8) प्रमोद गोयल (9) और विक्की बेसर (8) हैं।
बच्चों की मौत की सूचना मिलते ही राम मंदिर पारा में शोक की लहर छा गई। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही स्कूल में एक साथ पढाई करते थे। स्कूल से जल्दी छुट्टी होने के कारण तीनों एक साथ नहाने तालाब गये थे। हादसे की सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मामले की जानकारी देते हुए नगरनार थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि घटना दोपहर एक से दो बजे के बीच की है।
Published on:
21 Apr 2023 01:18 pm

