
Netherlands में मिला 1,000 साल पुराना मध्ययुगीन 'Golden treasure'
एम्स्टर्डम. एक डच इतिहासकार को 1,000 साल पुराना मध्ययुगीन सोने का खजाना मिला। इस सोने के खजाने में चार सुनहरे कान के पेंडेंट, सोने की पत्ती की दो पट्टियां और 39 चांदी के सिक्के शामिल हैं।
डच नेशनल म्यूजियम ऑफ एंटीक्विटीज (Rijksmuseum van Oudheden) ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। 27 वर्षीय लोरेंजो रुइजर ने बताया कि वह जब मात्र 10 साल के थे, तभी से खजाने की खोज के काम में जुटे हैं। उन्होंने साल 2021 में मेटल डिटेक्टर का इस्तेमाल करके नीदरलैंड्स के छोटे-से शहर हुगवुड में सोने के खजाने की खोज की थी। बकौल लोरेंजो, 'मेरे लिए इतनी मूल्यवान चीज की खोज करना बहुत खास था। मैं वास्तव में इसको शब्दों में बयां नहीं कर सकता। मैंने कभी इस तरह की खोज की उम्मीद नहीं की थी।' बकौल लोरेंजो, मेरे लिए इस बात को दो साल तक छुपाए रखना मुश्किल था। लेकिन, प्राचीन वस्तुओं के राष्ट्रीय संग्रहालय के विशेषज्ञों को खजाने की वस्तुओं की सफाई, जांच व तारीख का पता लगाने के लिए समय की जरूरत थी। इस दौरान उन्होंने पाया है कि सबसे कम पुराना सिक्का साल 1250 के आसपास का हो सकता है, जिससे उन्हें पता लगा कि खजाने को तब दफनाया गया था।
यह रहस्य कि खजाने को क्यों दफनाया
म्यूजियम के विशेषज्ञों ने कहा कि उस समय तक आभूषण पहले से ही दो शताब्दी पुराने थे। यह पहले से ही महंगे आभूषण रहे होंगे। संग्रहालय ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि नीदरलैंड्स के लिए हाई मिडिल एज के स्वर्ण आभूषण अत्यंत दुर्लभ हैं। हालांकि यह एक रहस्य बना रहेगा कि वास्तव में खजाने को क्यों दफनाया गया था। संग्रहालय ने बताया कि 13वीं शताब्दी के मध्य में डच क्षेत्रों वेस्ट फ्राइसलैंड और हॉलैंड के बीच एक युद्ध छिड़ा हुआ था, जिसमें हुगवुड एक एपिसेंटर था।
पुरातात्त्विक महत्त्व, इसलिए म्यूजियम को दिया
लोरेंजो ने कहा, यह संभव है कि उस समय किसी शक्तिशाली शख्स ने मूल्यवान वस्तुओं को सुरक्षित रखने के लिए जमीन में दफन कर दिया हो। इस उम्मीद के साथ कि इस सुरक्षित खजाने को खोद कर वापस निकाल लेंगे। खजाने के पुरातात्त्विक महत्त्व को देखते हुए इसे 'ऋण' के रूप में संग्रहालय को दिया गया है, जो इसे प्रदर्शित करेगा। लेकिन, यह खोजकर्ता लोरेंजो रुइजर की आधिकारिक संपत्ति बना रहेगा।
Published on:
10 Mar 2023 10:15 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
