
फोटो: पत्रिका
राजस्थान पत्रिका के हरयाळो राजस्थान अभियान के तहत शनिवार को सीकर रोड स्थित टोडी हरमाड़ा के मेहता ग्रुप ऑफ स्कूल एंड कॉलेज परिसर में हरियाली, पर्यावरण संरक्षण और राजस्थानी लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। सुबह 8 बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में 108 पौधों का रोपण किया जाएगा। इनमें नीम, पीपल, बरगद सहित फलदार और फूलदार पौधे शामिल होंगे।
नेचर वेलफेयर कौंसिल और वाइटल केयर फाउंडेशन की सहभागिता से आयोजित कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्राएं और महिलाएं पारंपरिक घूमर प्रस्तुत करेंगी। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ राजस्थानी संस्कृति को भी सहेजने का प्रयास होगा। मेहता ग्रुप के चेयरमैन राधेश्याम मेहता ने बताया कि कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा जनप्रतिनिधि भी भाग लेंगे। सभी सहभागी पौधों के संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लेंगे।
पिछले साल राजस्थान पत्रिका के हीट मैप अध्ययन में वीकेआई और सीकर रोड क्षेत्र शहर के सर्वाधिक हीट प्रभावित इलाकों में सामने आए हैं। इसी को देखते हुए हरयाळो राजस्थान अभियान के तहत इस क्षेत्र में पौधरोपण कर हरित आवरण बढ़ाने की पहल की जा रही है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों में हरियाली के प्रति जनजागरूकता भी बढ़ेगी।
Updated on:
31 Jul 2026 09:31 am
Published on:
31 Jul 2026 09:30 am
