जयपुर
जलदाय विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए मंगलवार का दिन खुशी से भरा रहा। 25 से 30 साल से पदोन्नति का देने की मांग कर रहे कर्मचारियों के लिए कार्मिक विभाग से राहतभरी खबर आई और 15 हजार से अधिक कर्मचारियों के पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया। इसके लिए कार्मिक विभाग ने आदेश जारी कर दिए। जलदाय कर्मचारी पदोन्नति की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। राजस्थान वाटर वर्क्स कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने जून 2015 में पदोन्नति और कर्मचारियों की अन्य मांगों को लेकर 11 दिन का आमरण अनशन तक किया था।
दरअसल, जलदाय विभाग में सालों से बेलदार, हेल्पर, पेंटर, पंप आॅपरेटर द्वितीय, इलेक्ट्रिशियन सेकंड, वायरमेन सेकंड, कापरपेंटर, पल्म्बर समेत अन्य पदों पर कार्यरत कर्मचारियों को विभागीय पदोन्नति नहीं मिल रही थी। इसे लेकर कर्मचारी संगठन आंदोलनरत थे। राजस्थान वाटर वर्क्स कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष ईश्वरचंद शर्मा और कार्यवाहक अध्यक्ष कुलदीप यादव ने बताया कि कार्मिक विभाग से आदेश जारी होने के बाद 15 हजार 628 जलदाय कर्मियों को पदोन्नति मिलेगी। कार्मिक विभाग की ओर से आदेश जारी होने के बाद कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई और एक दूसरे को मिठाईयां खिलाकर कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की। राजस्थान जलदाय कर्मचारी महासंघ के प्रदेश महामंत्री बाबूलाल शर्मा ने बताया कि कर्मचारी लंबे समय से पदोन्नति नहीं मिलने से निराश थे लेकिन अब उन्हें खुशी मिली है। कर्मचारियों ने पदोन्नति की मांग पूरी करवाने में प्रमुख भूमिका निभाने पर विभाग के प्रमुख शासन सचिव रजत कुमार मिश्र का भी आभार जताया। कर्मचारियों ने विभाग से मांग की है कि अब जल्द ही कार्मिकों के पदोन्नति आदेश जारी किए जाएं।
फिर टूटी लाइन, पानी भरने से हुई परेशानी
आमेर रोड पर रामगढ़ मोड पर मंगलवार को 12 इंच की आपूर्ति लाइन टूट गई। लाइन टूटने के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ। काफी देर तक पानी भरा रहने से कई जगह से मिट्टी भी भंस गई और गड्डे हो गए। इसके अलावा आस पास से गुजर रही सीवरेज की लाइन में भी पानी जाने से कुछ जगह से यह धंस गई। मिली जानकारी के मुताबिक आज रामगढ़ मोड पर लाइन टूटने से काफी देर तक सड़क पर पानी बहता रहा। पानी भरने से रोड पर एक साइड का ट्रेफिक बुरी तरह से प्रभावित हुआ। इस दौरान लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में सूचना मिलने पर जलदाय विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लाइन दुरूस्त करने का काम शुरू किया।