23 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

15 कांग्रेस प्रत्याशियों की सोनिया से गुहार, ‘सरकार में नहीं हो रहे काम’

निर्दलीय और बसपा से कांग्रेस में आए विधायकों को मिल रही सरकार में अहमियत, राजनीतिक नियुक्तियां और पार्षदों का मनोनयन भी निर्दलीय और बसपा से कांग्रेस में आए विधायकों की राय पर

2 min read
Google source verification

जयपुर। प्रदेश कांग्रेस में अशोक गहलोत कैंप और सचिन पायलट कैंप के बीच चल रही खींचतान के दौरान ही कांग्रेस टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके 15 नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखकर गुहार लगाई है। कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी को लिखी चिट्ठी में लिखा है कि गहलोत सरकार में उनके कामकाज नहीं हो रहे हैं।

बसपा से कांग्रेस में आए 6 विधायकों और 13 निर्दलीय विधायकों को सरकार में अहमियत दी जा रही है, उनके तमाम काम किए जा रहे हैं। साथ ही जिला स्तरीय राजनीतिक नियुक्तियों और निकायों में पार्षदों का मनोनयन भी निर्दलीय विधायकों के राय से किया जा रहा है, जबकि कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके नेताओं को दरकिनार किया जा रहा है। उनकी कोई राय नहीं ली जा रही है।

नहीं मिल पा रही भागीदारी
विधानसभा चुनाव लड़ चुके नेताओं ने सोनिया गांधी को लिखी अपनी चिट्ठी में कहा कि निर्दलीय व बसपा विधायकों की मनमानी के चलते प्रदेश कांग्रेस का संगठन भी इनके आगे झुक चुका है, जिसका उदाहरण विगत नगरपालिका- पंचायत चुनावों में टिकट वितरण में इनकी शत-प्रतिशत भागीदारी रहना है। कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़ने के बावजूद हमारी भागीदारी शून्य रही है।

संगठन के ढांचे को खत्म करने का प्रयास
कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी को लिखी चिट्ठी में कहा कि सरकार चलाने के लिए स्पष्ट बहुमत 101 होने के बाद भी कांग्रेस पार्टी में निर्दलीय और बसपा विधायकों की बैसाखी की जरूरत ना होते हुए भी इन्हें सरकार में शामिल किया गया है, जिससे में इन विधानसभा क्षेत्रों के हम कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्टी संगठन के ढांचे को खत्म करने का काम किया जा रहा है।

ऐसी परिस्थिति में चिंता का विषय है कि कांग्रेस आलाकमान के द्वारा लगाए गए कार्यकर्ताओं का पौधा संगठन में जीवित रह पाएगा या नहीं। कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि आगामी समय में कुछ जिलों में पंचायत चुनाव भी होने हैं, वहीं जिला स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नियुक्ति होनी है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष निश्चित रूप से कम से कम संगठन के स्तर पर तो हमारी पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करवाएं।

इन नेताओं ने लिखी चिट्ठी
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जिन नेताओं ने चिट्ठी लिखी है उनमें मनीष यादव, सुभाष मील, राजेश अग्रवाल, दौलत मीणा, डॉक्टर रामचंद्र यादव, भगवान राम सैनी, सुनील कुमार शर्मा, अजय बोहरा, रितेश बेरवा, जीवाराम, मुरारीलाल, दर्शन सिंह, हिमांशु कटारा, अशोक कुमार चांडक और डॉक्टर करण सिंह यादव शामिल हैं।