जयपुर. जलभराव के परम्परागत स्रोतों का विनाश कैसे किया जाता है, यह देखना है तो 200 फुट बाइपास स्थित महाराणा प्रताप रोड की तलाई देख लो। भराव क्षेत्र में अतिक्रमण होने से सड़कें जलमग्न हैं। कुछ वर्षों से इस तलाई का गला घोंटने का काम भूमाफिया और जेडीए मिलकर कर रहे हैं। आस-पास के लोगों ने तलाई के भराव क्षेत्र में कब्जे कर लिए और उसके बाद रही-सही कसर जेडीए ने पूरी कर दी। हालात यह है कि जेडीए ने सड़क निर्माण के दौरान जो मलबा निकला, उससे तलाई में भराव करवा दिया।
अब सड़कें जलमग्न
बजरी मंडी रोड, करणी पैलेस रोड और महाराणा प्रताप रोड पर 150 से अधिक कॉलोनियां हैं। इन कॉलोनियों का पानी सीधे तलाई में आता था। रास्ते में सड़क ऊंची कर अवरोध खड़े कर दिए। अब हालात यह हो गए कि कॉलोनियों की सड़कों से लेकर मुख्य सड़कों तक पानी भरा हुआ है।
जेडीए में नहीं हो रही सुनवाई
पिछले एक-दो वर्ष से तलाई को मलबे से भरा जा रहा है। इसी वजह से सड़क पर जलभराव होता है। आस-पास कई अवैध निर्माण हैं। जेडीए से शिकायत भी की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। तलाई को बचाकर इसका सौंदर्यीकरण करवाया जाना चाहिए।
-गजेंद्र सिंह चिराणा, क्षेत्रीय पार्षद