
Photo: Patrika
1200-Meter-Long Flyover: जयपुर-सीकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जैतपुरा में पुलिया प्रोजेक्ट का काम अब अंतिम चरण में है। करीब डेढ़ वर्ष से चल रहे इस निर्माण कार्य का 95% काम पूरा हो चुका है। वर्तमान में पुलिया की दोनों लेन सुचारू रुप से चालू कर दी गई है और वाहन सरपट दौड़ रहे हैं।
हालांकि अभी रोडलाइट लगाने सहित छोटा-मोटा कार्य जारी है। लाइटें चालू होने के बाद मार्ग एवं पुलिया रोशन होगी व आवागमन और भी सुगम हो जाएगा। यहां हाईवे से रोजाना 20 से 25 हजार वाहनों की आवाजाही हो रही है। पुलिया बनने से हाईवे से गुजरने वाले वाहनों के अलावा आसपास के कई दर्जनों गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। हालांकि अभी कुछ काम शेष है, जो जल्द ही पूरा होने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने जयपुर-सीकर राजमार्ग पर छह स्थानों पर पुलिया निर्माण स्वीकृत किया था। इसके लिए 192 करोड़ रुपए का बजट दिया गया। हाईवे पर चौमूं क्षेत्र में हाडौता और भोजलावा में पुलिया का काम पहले ही पूरा हो चुका है। जैतपुरा का काम कुछ शेष है जो अंतिम चरण में है, जबकि उदयपुरिया में 35 फीसदी अभी भी शेष है।
जैतपुरा पुलिया बनने से जैतपुरा, अनंतपुरा, चिमनपुरा, रिसाणी, ढण्ड, मोरीजा, चीथवाड़ी, गोल्यावाला, बड़कोलाई, भोजलावा, देगडावास और चौंप समेत सैकड़ों ढाणियों के लोगों का सफर आसान हो गया है। पुलिया से पहले लोगों को सड़क पार करने में परेशानी आ रही थी। यहां औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण जाम की समस्या भी बनी रहती थी। पुलिया बनने से जाम की समस्या दूर हो गई है।
पुलिया बनने से पहले राजमार्ग पर जैतपुरा में आए दिन दुर्घटनाएं होती थी। अब पुलिया में दो स्थानों पर अंडरपास बनाए गए है-एक ग्रामीणों के लिए जैतपुरा स्टैंड के समीप और दूसरा औद्योगिक क्षेत्र के पास बड़े वाहनों के लिए। इससे सड़क पार करना आसान हो गया है। इससे सड़क हादसों में कमी आ रही है।
हालांकि पुलिया से जुड़ी कुछ समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं। स्लिप लेन पर गांवों के नाम के संकेतक नहीं लगाए गए हैं, जिससे वाहन चालक भ्रमित हो जाते हैं और पुलिया पर चढ़ जाते हैं। बाद में उन्हें वापस लौटना पड़ता है। वहीं चौमू की तरफ से पुलिया के समीप बने रैंप से भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रात के समय यह खतरा और बढ़ जाता है।
लंबाई: 1200 मीटर
आबादी लाभान्वित: 30 हजार से अधिक
लागत: 22 करोड़ रुपए
निर्माण शुरू: जनवरी 2025
कार्य पूर्णता: 95%
हाईवे पर जैतपुरा में 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। पुलिया होकर वाहनों का आवागमन हो रहा है। लाइटिंग सहित कुछ काम शेष बचा है, जिसे जल्द ही पूरा किया जाएगा। इधर, उदयपुरिया पुलिया का काम भी जल्द ही पूरा किया जाएगा।
Updated on:
17 Mar 2026 01:17 pm
Published on:
17 Mar 2026 01:16 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
