नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखते हुए बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में करीब तीन कार्रवाइयों को अंजाम दिया।
निगम अधिकारियों ने दस्ते के साथ तीन स्थानों पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिल्डिंग सीज की। सुबह 11 बजे शुरू हुई कार्रवाई दोपहर 3 बजे तक चली। इस दौरान निगम दस्ते ने शास्त्रीनगर स्थित दो बिल्डिंग व घंटाघर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन दुकान को सीज किया।
निगम के शहर जोन के प्रभारी, सहायक अभियंता कमलेश व्यास ने बताया कि सर्वप्रथम जलजोग चौराहे के पास सिंधी कॉलोनी स्थित श्याम क्रियेशन की बिल्डिंग को सीज किया गया। इसके बाद इसी क्षेत्र में स्थित स्पेस वीडियो की बिल्डिंग के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
दोपहर में निगम की टीम घंटाघर पहुंची। यहां चित्रा चौक स्थित प्रकाशमल भंसाली के नाम आई हुई एक निर्माणाधीन दुकान को सीज किया। इस मौके पर सहायक अभियंता व्यास सहित शहर जोन के रतन जावा, राजेश तेजी, सरदारपुरा जोन के प्रभारी दीपक कन्नौजिया व सूरसागर जोन के प्रभारी गोपाल ओझा मौजूद थे।