5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पेट्रोल पंप पर नौकरी करने वाला विक्की कैसे बन गया फिरौती गैंग का सरगना?

पेट्रोल पंप पर साधारण से कर्मचारी की नौकरी करने वाला विकास उर्फ विक्की राजपूत अपहरण और फिरौती गैंग का सरगना बना गया।

2 min read
Google source verification
 Kidnapping Gang

जयपुर। पेट्रोल पंप पर साधारण से कर्मचारी की नौकरी करने वाला विकास उर्फ विक्की राजपूत अपहरण और फिरौती गैंग का सरगना बना गया। पहली वारदात पंप पर चोरी की और फिर धोखाधड़ी और फिर बंधक बनाकर फिरौती वसूलने लगा।

विक्की का गिरोह दर्जनों वारदात को अंजाम दे चुका है। भांकरोटा और बगरू पुलिस ने हरियाणा गैंग के सरगना विक्की और उसके तीन अन्य साथियों को शनिवार को गिरफ्तार किया। अब तक गिरोह के 11 बद माश गिरफ्तार हो चुके हैं। कुछ बदमाश अभी फरार हैं।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम विकास शर्मा ने बताया कि महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के विकास उर्फ विक्की उर्फ अयान राजपूत (24) को मुंबई से और रेवाड़ी के सुमित यादव (21), नारनोल के अभय यादव (21) और महेंद्रगढ़ के राहुल यादव उर्फ मोटा को जयपुर से गिरफ्तार किया है। विक्की की शादी पर भी परिवार में विवाद हुआ था।

पत्नी से पूछताछ में पता चला मुंबई में है विक्की
पुलिस को मुखबिर से पता चला था कि वह मुंबई में है। पुलिस टीम जिस होटल में गई थी, वहां से कुछ देर पहले ही वह निकल चुका था। इधर, एसीपी वैशाली नगर रायसिंह बेनीवाल जयपुर में उसका ठिकाना और पत्नी-बच्चों का पता लगाने में जुटे थे। नारायण विहार में उसके फ्लैट से पत्नी से पूछताछ में सुराग मिलने पर पुलिस टीम ने विक्की को मुंबई से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में शामिल भांकरोटा थानाधिकारी दर्शन सिंह और बगरू थानाधिकारी ब्रजभूषण अग्रवाल ने विक्की के तीन साथियों को जयपुर में गिरफ्तार किया। एसीपी सोड़ाला कार्यालय के कांस्टेबल प्रदीप व डीसीपी वेस्ट साइबर सेल के कांस्टेबल लक्ष्मीकांत भी टीम में थे।

सबसे पहले चुराए थे साढ़े 5 लाख रुपए
कई साल पहले विक्की गुरुग्राम के पेट्रोल पंप पर काम करता था। वहां से विक्की करीब 5.50 लाख रुपए चोरी कर भागा था। जयपुर में मोबाइल की दुकान खोली थी। पंप से चोरी के मामले में वह गिरफ्तार भी हुआ था। जेल से छूटकर उसने गिरोह बना फिरौती वसूलनी शुरू कर कई शहरों में एक दर्जन वारदात कीं।

मोबाइल ऐप से ढूंढते थे शिकार
पुलिस के अनुसार विक्की का साथी मोनिंदर उर्फ मोनू शिकार तलाशता था। बिटकॉइन ट्रेडिंग से संबंधित एप ब्लॉक चेन से जानकारी लेकर लोगों को फंसाते थे। गिरोह ने तीन साल पहले अपने ही गांव के युवक टींकू को उठाया और उससे जबरन 44 बिट कॉइन ले लिए। दिल्ली में भी एक व्यक्ति का अपहरण कर उससे भी बिटकॉइन हड़पे।

पुलिस ने बताया कि विक्की शुरू से ही पत्नी और बच्चों को साथ रखता था। अपने गिरोह पर जमकर खर्चा करता था। जिस भी शहर में जाता वहां पर दो फ्लैट लेता, एक में खुद परिवार सहित व दूसरे में गिरोह के लोगों को ठहराता था। विक्की की साढ़े चार साल की बेटी व एक साल का बेटा है।