
p1
मोहनगढ़ कस्बे से 10 किमी दूर देऊंगा गांव में शनिवार सुबह पुरानी मिठाइ खाने से चार बच्चे बीमार हो गए। तीन बच्चों को मिठाई खाने से उल्टी दस्त होने पर शनिवार की सुबह ग्यारह बजे के करीब परिजन अस्पताल लेकर आए, जहां उका उपचार चल रहा है। उधर, अपराह्न तीन बजे करीब विषाक्त भोजन के सेवन से पीडि़त 7 माह के बच्चे को भी अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी डॉ.केआर पंवार ने बताया कि मोहनगढ़ कस्बे के पास ही देऊंगा गांव आया हुआ है। वहां पर एक ही परिवार के बच्चों की ओर से शनिवार सुबह मिठाई खाने से चार बच्चे फूड पोइजनिंग के शिकार हो गए। बीमार बच्चों सात वर्षीय रणवीरसिंह पुत्र उगम सिंह, 9 वर्षीय प्रियंका पुत्री उगमसिंह, चार वर्षीय ममता पुत्री श्रवण सिंह को उल्टी दस्त होने पर अस्पताल लेकर आए, जहां पर तीनों का उपचार किया गया।
वहीं दोपहर तीन बजे के करीब सात माह के बच्चे युवराज सिंह पुत्र जैतमाल सिंह को भी उल्टी दस्त होने पर उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। चारों बच्चें अस्पताल में भर्ती है तथा उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार है। इस संबंध में पीडि़त बच्चे के परिजन उगमसिंह का कहना था कि शुक्रवार रात्रि में मोहनगढ़ कस्बे की एक मिठाई की दुकान से मिठाई लेकर गया था। रात्रि में सभी ने मिठाई खाई थी। कुछ मिठाई बच गई थी, जिसे फ्रीज में न रखकर ऐसे ही घर पर रख दी।
सुबह नौ बजे के करीब बच्चों को वह मिठाई खिला दी। संभवत: गर्मी की वजह से मिठाई खराब हो गई होगी। इस मिठाई के सेवन से बच्चों को उल्टी व दस्त होने लगी, जिन्हें उपचार के लिए तुरन्त मोहनगढ़ अस्पताल लेकर आए। उधर, मामले की जानकारी मिलने पर जैसलमेर से खाद्य सुरक्षा अधिकारी व टीम यहां पहुंची और संबंधित मिठाई के सेम्पल लिए।
Published on:
1 May 2016, 12:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.