
जयपुर। प्रदेश में रविवार को अलग—अगल जगहों पर भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में सात लोगों की मौत जबकि 15 जने गंभीर घायल हो गए। बाड़मेर में कार और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौत गई, दूसरा हादसा चित्तौडगढ़़ जिले में लोक परिवहन की बस को बेकाबू कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई।
ट्रेलर से कार टकराई,4 की मौत
बाड़मेर तके राष्ट्रीय राजमार्ग 25 पर कवास कस्बे में एक कार ट्रेलर से टकरा गई। इससे कार में सवार चार जनों की मौके पर ही मौत हो गई तथा चार अन्य गंभीर घायल हो गए। गोलाई पर खड़े एक टैंपो को बचाने के प्रयास में कार ट्रेलर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए तथा वह उछल कर एक तरफ गिर गई। उसमें सवार दो जने कार से बाहर गिर गए तथा अन्य गाड़ी के अंदर ही फंस गए। मृतकों में दो महिला व दो पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कार में कुल 8 जने सवार थे। वे रामदेवरा से बायतु होकर कवास तथा बाड़मेर होते हुए गुजरात जा रहे थे।
बस-कंटेनर भिड़े, तीन की मौत
निम्बाहेड़ा मार्ग पर अरनिया पंथ के निकट रविवार सुबह लोक परिवहन की बस को बेकाबू कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे बस वार दो महिला यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। वहीं एक घायल ने उदयपुर ले जाते रास्ते में दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक फरार हो गया।
शंभूपुरा थाना प्रभारी प्रवीणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी चित्तौडगढ़़ से प्रतापगढ़ जा रही बस के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। बस सवार चित्तौडगढ़़ की शबनम (30) व हासन अप्पा (40) की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में घायल डोरिया चौराहा निवासी नारायणलाल पुत्र रामलाल भांबी, फतेहपुरा उदयपुर निवासी मुन्ना पत्नी किशनसिंह राजपूत, निम्बाहेड़ा के सत्तूनाथ पुत्र नानानाथ, गांधी नगर चित्तौडगढ़़ निवासी शकिला पत्नी रसीद खां, तनीसा पुत्री किशनसिंह, बड़ोली घाटा निवासी अम्बालाल पुत्र लालचंद लोहार, रिछड़ी प्रतापगढ़ निवासी नानी पुत्री विजाराम मीणा, अन्नू पुत्री आसीबा मीणा, प्रियंका, रिछड़ी निवासी रीना पुत्री धीरज मीणा, ढोरिया चौराहा निवासी श्यामा पत्नी नारायणलाल भांबी, झासली निवासी रमिला पत्नी सूरजमल मीणा, प्रताप नगर निवासी सुनीता पत्नी जीवन तथा सतखण्डा निवासी तुलसीबाई पत्नी घीसालाल भांबी को यहां सांवलियाजी राजकीय सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जहां से सत्तूनाथ, अम्बालाल व प्रियंका को गंभीरावस्था में उदयपुर रैफर कर दिया। इनमें से सत्तूनाथ ने उदयपुर ले जाते समय मंगलवाड़ के निकटदम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
Updated on:
07 Apr 2019 08:39 pm
Published on:
07 Apr 2019 07:53 pm
