
truck fall down
निकटवर्ती कवास कस्बे में बने पुल से एक ट्रक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ऐसा लग रहा था जैसे ट्रक हवा में तैर रहा हो। इस दौरान ट्रक ने तीन महिलाओं को भी चपेट में ले लिया। उन्हें गंभीर अवस्था में प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार यह ट्रक जीरो प्वॉइंट से कवास चौराहे की ओर जा रहा था। इस दौरान सड़क पर खड़े वाहन को ओवरटेक कर रहा एक ट्रैक्टर उसके सामने आ गया। टै्रक्टर को बचाने के चक्कर में ट्रक चालक ने ब्रेक लगाए तो वाहन असंतुलित होकर सड़क के दूसरी ओर किनारे पर चला गया। वहां रेलिंग नहीं होने से ट्रक करीब 20 फीट नीचे अस्पताल के मुख्य द्वार के आगे आकर पलट गया।
बस का इंतजार कर रही थीं महिलाएं
घटना के समय पुलिए पर बस के इंतजार में दो महिलाएं बैठी थीं। उन्होंने ट्रक को अपनी ओर आते देख बचने का प्रयास किया, लेकिन वे ट्रक की चपेट में आ गई। साथ ही अस्पताल से दवाई लेकर बाहर निकल रही एक अन्य महिला भी उसकी चपेट में आ गई। तीनों महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर रेफर किया गया। सूचना मिलने पर नागाणा पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने एमपीटी से दो क्रेन मंगवाकर करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को हटवाकर रास्ता खुलवाया।
Published on:
12 Apr 2016, 1:21 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.