जयपुर। आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को पूरे देश में मोदी हटाओ देश बचाओ पोस्टर लगाने का अभियान शुरू किया है। जयपुर में पार्टी के प्रदेश कार्यालय के बाहर पोस्टर लगाकर अभियान की शुरुआत की गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल और वरिष्ठ कार्यकर्ता योगेंद्र गुप्ता सहित कई नेताओं ने यह पोस्टर लगाए। प्रदेश अध्यक्ष पालीवाल ने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है।
जब दिल्ली में हमारे कार्यकर्ताओं ने इस तरह के पोस्टर लगाए तो मोदी सरकार के इशारे पर 137 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, लेकिन हम इस कार्रवाई से डरने वाले नहीं है। जब तक मोदी सरकार को उखाड़ नहीं फेकेंगे तब तक इस तरह का जन जागरण अभियान चलता रहेगा। कांग्रेस को छोड़ भाजपा के खिलाफ मुद्दे उठाने के मसले पर पालीवाल ने कहा कि यह देश से जुड़ा मुद्दा है, इसलिए केंद्र की मोदी सरकार को घेरा जा रहा है। राजस्थान की गहलोत सरकार के खिलाफ हमारा कोई सॉफ्टकॉर्नर नहीं है, स्थानीय मुद्दों को लेकर उन्हें भी घेरा जाएगा।