
जयपुर. प्रदेश की ग्राम सेवा सहकारी समितियों (जीएसएस) में व्यवस्थापकों की स्क्रीनिंग में व्यापक भ्रष्टाचार हुआ। जालोर से जुड़े मामले में एसीबी ने केन्द्रीय सहकारी बैंक जालोर (सीसीबी) के तत्कालीन एमडी केके मीना व संविदाकर्मी जसाराम व प्रवीण सहित 23 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उन्होंने नियमित करने के बदले व्यवस्थापकों से 4-4, 5-5 लाख रुपए लिए। एमडी ने संविदाकर्मियों के खातों से अपने परिवारजन व अन्य के खातों में 40 लाख रुपए जमा करवाए थे। एफआईआर के बाद एसीबी ने मंगलवार को एमडी के जयपुर स्थित आवास पर छापा डाला तो वहां दो कॉलोनियों के 131 भूखंडों के पट्टे मिले। इनमें से करीब सौ पट्टे तो एक ही कॉलोनी थे। ये पट्टे बालाजी सिटी और कल्याण कालोनी के हैं, जो दूदू व बगरू क्षेत्र में हैं। एसीबी एडीजी स्मिता श्रीवास्तव ने नेतृत्व में एसीबी टीम पड़ताल में जुटी है कि ये पट्टे किस-किस के हैं।
तलाशी में पट्टों के अलावा एमडी के त्रिवेणी नगर स्थित घर पर 740 ग्राम सोना, 3.90 किलो चांदी, डायमंड के सात लाख के गहने मिले हैं। उसके एक लॉकर व पांच बैंक खातों की पड़ताल होना बाकी है। जसाराम के जालोर स्थित घर की तलाशी में 52 लाख रुपए की एफडी, दो लाख रुपए नकद, 22 तोला सोना व 4 किलो चांदी मिली है।
एसीबी की एफआईआर के मुताबिक केके मीना सीसीबी जालोर एमडी पद पर जनवरी 2021 से जुलाई 2023 तक रहे। सहकारी विभाग ने 28 जुलाई 2022 को जीएसएस में संविदा पर लगे सहायक व्यवस्थापकों को नियमित करने के लिए स्क्रीनिंग के आदेश दिए। मामले में हाईकोर्ट ने 30 सितम्बर 2022 को स्टे आदेश दिया। इसके बाद भी एमडी ने बैठक कर करीब सौ व्यवस्थापकों को नियमित करने की प्रक्रिया पूरी की।
एसीबी का कहना है कि एमडी व अन्य ने व्यवस्थापकों से चार से पांच लाख रुपए लिए। रिश्वत की रकम जसाराम व प्रवीण ने एमडी के परिवारजन व परिचितों के खातों में जमा कराई। एसीबी ने रिश्वत की मांग व रिश्वत लेने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। जसाराम सहकारी बैंक से ही सेवानिवृत्त है। वह बाद में संविदा पर दोबारा पदस्थापित हो गया था। दूसरा संविदाकर्मी प्रवीण उसका बेटा है।
केके मीना, तत्कालीन एमडी, जसाराम, सेवानिवृत्त सहकारी बैंक कर्मचारी, प्रवीण कुमार, संविदाकर्मी (जसाराम का बेटा), विमल मीना (एमडी की पत्नी ), जय सिंह (एमडी का बेटा), गार्गी मीना (एमडी की बेटी), विकास मीना, अनिरुद्ध मीना, विक्रम सिंह, शशि भारत यादव, सचिन कुमार मीना, रीना थापर, रामअवतार शर्मा, राकेश शर्मा, राजेन्द्र कुमार, नरेन्द्र सिंह राठौड़ , नकुल विजय, महेन्द्र कुमार शर्मा, अनिता यादव, राजकुमार, श्याम ट्रेडिंग कम्पनी, श्री नवरतन ज्वैलर्स, पूनम व अन्य।
Updated on:
17 Apr 2024, 12:31 PM IST
Published on:
17 Apr 2024, 12:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.